पूर्व मेयर की पत्नी सृष्टा कांग्रेस की प्रत्याशी

रुड़की नगर निगम चुनाव

  • गुरुवार देर शाम नाम किया गया घोषित, पूर्व मेयर यशपाल राणा की पत्नी हैं सृष्टा
  • विधायकों, पूर्व विधायकों व अन्य नेताओं से बात करने के बाद लिया गया फैसला

रुड़की। कांग्रेस ने रुड़की नगर निगम में मेयर पद पर कांग्रेस के पूर्व मेयर यशपाल राणा की पत्नी सृष्टा राणा को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश और प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने हरिद्वार जिले की विधानसभाओं के पार्टी विधायकों से बात करने के बाद यह फैसला लिया। गुरुवार देर शाम उनके नाम की घोषणा भी कर दी गई। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने इसकी पुष्टि भी की।
रुड़की नगर निगम में मेयर पद का प्रत्याशी तय करने में कांग्रेस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। प्रीतम सिंह और इंदिरा हृदयेश ने बुधवार को विधायक ममता राकेश, फुरकान अहमद, काजी निजामुद्दीन सहित अन्य नेताओं से अलग-अलग बात की और एक साथ सभी से भी बात की। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की पहली पसंद कांग्रेस के पूर्व मेयर यशपाल राणा ही थे।
राणा इस बार हाईकोर्ट के आदेश के कारण चुनाव नहीं लड़ सकते थे। इसी स्थिति को देखते हुए राणा अपनी पत्नी सृष्टा राणा के लिए टिकट मांग रहे थे। ऐसे में कांग्रेस ने उनके परिवार पर ही भरोसा जताया। बृहस्पतिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने इसी मामले को लेकर मंथन किया। देर शाम आखिरकार सृष्टा राणा के नाम पर सहमति बन गई।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक पार्टी निगम में कांग्रेस पार्षदों को भी सिंबल पर चुनाव लड़ाएगी। सूत्रों के मुताबिक मेयर के टिकट की रेस में मनोहर लाल शर्मा और आशीष चौहान भी शामिल थे। इसी के साथ कांग्रेस ने रुड़की नगर निगम में मेयर पद पर प्रत्याशी घोषित करने में भाजपा से बढ़त हासिल कर ली।
रुड़की नगर निगम के 40 वार्डों के लिए कांग्रेस अपने प्रत्याशी शुक्रवार को घोषित करेगी। पार्टी नेताओं के मुताबिक अधिकतर सीटों पर नाम फाइनल कर लिए गए हैं। कांग्रेस की कोशिश है कि उसके अधिक से अधिक पार्षद जीत कर आएं ताकि उसे अपना बोर्ड बनाने में कोई परेशानी न हो। इसी को देखते हुए जिताऊ उम्मीदवारों पर ही दांव खेला जा रहा है। हालांकि कुछ फंसी हुई सीटों को कांग्रेस खाली भी छोड़ सकती है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here