Moscow Firing: आतंकी हमले से दहला मॉस्को, 60 की मौत, 145 घायल

मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में भीषण आतंकी हमला हुआ है। हमले में अब तक 60 लोगों के मरने की सूचना है, जबकि 145 लोग घायल हुए हैं। पिछले कुछ वर्षों में ये रूस में हुआ सबसे बड़ा हमला है। क्रोकस सिटी हॉल के कॉन्सर्ट हॉल में एक संगीत कार्यक्रम के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। इसी दौरान हथियारों से लैस आतंकी हॉल में घुस आए और लोगों को निशाना बनाकर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इसके बाद उन्होंने बिल्डिंग में आग लगा दी।

आतंकी संगठन ISIS ने अपने चैनल पर एक बयान जारी किया है। इस बयान में ISIS ने कहा कि हमारे लड़ाकों ने मॉस्को के क्रोकस कंसर्ट हॉल में हमला किया। आतंकी संगठन ने कहा कि हमारे लड़ाके सुरक्षित रूप से हमला करके अपने ठिकानों पर वापस लौट आए हैं।

फायरिंग के बाद कंसर्ट हॉल में आग लगने की भी खबर मिली है। वहीं, रूसी जांच एजेंसी इस गोलीबारी की जांच में जुट गई है। जैसे ही गोलीबारी की जानकारी हुई वैसे ही रूसी सेना के जवान मौके पर पहुंचे और एंटी टेरर अभियान शुरू किया। कंसर्ट हॉल में सैकड़ों लोगों के फंसे होने की खबर मिली है। वहीं, 70 से अधिक एंबुलेंस को भी भेजा गया है। रूसी न्यूज की रिपोर्ट्स के मुताबिक हॉल में बम भी फेंके गए हैं। सोशल मीडिया पर हमले के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। रूसी सेना आतंकियों को खत्म करने के लिए हॉल में घुस चुकी है।

वहीं, मॉस्को के गवर्नर ने जानकारी दी कि क्रोकस सिटी हॉल के पास 70 से ज्यादा एंबुलेंस मौजूद हैं। डॉक्टर घायलों के इलाज में जुटे हैं। मृतकों के शव भी बाहर निकाले जा रहे हैं। वहीं, हालात को देखते हुए मॉस्को में आयोजित होने वाले समारोह को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अमेरिकी दूतावास ने पहले ही एक एडवाइजरी जारी की थी। इसमे कहा गया था कि ‘चरमपंथी’ मॉस्को में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख…
मॉस्को के कंर्सट हॉल में फायरिंग पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने हमले की निंदा करते हुए कहा कि दुख के समय पूरा भारत देश रूस के साथ है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here