कत्लगाह बनाने के खिलाफ उतरे भाजपा के ही तीन विधायक!

सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

  • उत्तराखंड सरकार के इस फैसले के विरोध में खड़े हुए उसके ही तीन विधायक
  • स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता और सुरेश राठौर ने जताया विरोध
  • कहा, अगर कत्लखाने का निर्माण नहीं रुका तो वे करेंगे विरोध प्रदर्शन

हरिद्वार। भाजपा के तीन विधायकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ऐलान किया है कि वह किसी सूरत में मंगलौर में कत्लगाह नहीं बनने देंगे। तहसील स्थित वेद मंदिर आश्रम में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के इन विधायकों स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता और सुरेश राठौर ने साफ कहा कि अगर स्लाटर हाउस निर्माण नहीं रुका तो वे मौके पर जाकर विरोध प्रदर्शन, भूख हड़ताल करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस मामले में वे सीएम से भी मिलकर अपनी बात रखेंगे और अगर फिर भी निर्माण न रुका तो सुप्रीम कोर्ट जाने से भी नहीं हिचकेंगे। विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कत्लगाह निर्माण के लिए जिला प्रशासन की अनुमति पर भी सवाल उठाए। इसे जनभावनाओं से खिलवाड़ करार दिया। उन्होंने कहा कि किस दबाव में डीएम ने अनुमति दी, इसकी जांच होनी चाहिए।
विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मंगलौर में पिछले महीने जन सुनवाई हुई तो उसमें सभी लोगों ने कत्लखाने का विरोध किया, लेकिन फिर भी अनुमति जारी कर दी गई। आखिर क्यों? विधायक संजय गुप्ता ने देवभूमि के प्रवेशद्वार पर कत्लगाह निर्माण को जनभावनाओं के विपरीत बताया। कहा कि चाहे जान चली जाए वह कत्लखाना नहीं बनने देंगे।
विधायक सुरेश राठौर ने सवाल उठाया कि प्रशासन की ऐसी क्या मजबूरी है कि लोगों के विरोध के बावजूद स्लाटर हाउस निर्माण की संस्तुति कर दी गई है। उन्होंने इस मामले में शासन, प्रशासन के अधिकारियों के रवैये पर सवाल खड़े किये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here