चुनावी रण में महारथी बने नेता पुत्र और पुत्रियां!

  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की औलादों ने संभाला चुनाव प्रबंधन

देहरादून।  इस बार के लोकसभा चुनाव कई मायनों में याद रखे जाएंगे। देवभूमि में भी कई दिलचस्प नजारे अभी से देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ सभी प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में जान झोंक रखी हैं तो उनके बेटे और बेटियां भी उनको जिताने के लिये जमीन आसमां एक किये हुए हैं।
नैनीताल लोकसभा सीट पर चुनाव भले ही कांग्रेस सरकार में सीएम रहे हरीश रावत और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट मैदान में हों, लेकिन इस अग्निपरीक्षा में खरा उतरने के उनके बेटा-बेटी भी साथ दे रहे हैं। दोनों ही नेताओं की औलादें उनका चुनाव प्रबंधन का जिम्मा संभाले हुए हैं। वे पार्टी के विजन, प्रत्याशी से मिले चुनावी मंत्र और नई सोच के जरिये चुनाव प्रचार को धार देकर अपने रुख में मोड़ने का जी तोड़ प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट की दोनों बेटियां मेघा और सुनीति भट्ट सीधे राजनीति में नहीं हैं, लेकिन दोनों मजबूती से सियासी रण में अपने पिता का साथ देने के लिए जुटी हैं। मेघा बीटेक डिग्रीधारी हैं। शादी हो चुकी हैं। सुनीति अधिवक्ता हैं। दोनों बेटियां सभाओं के जरिये अपनी बात रख रही हैं तो घर-घर जाकर भी वोट की अपील कर रही हैं। मेघा का कहना है कि वह अपने पिता की कर्मठता, सादगी और ईमानदारी से प्रभावित हैं और लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियां बता रहे हैं। कानून की पढ़ाई कर रहा उनका बेटा दिग्विजय भी चुनाव प्रचार में जोर लगाए हुए हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत के बेटे आनंद रावत व बेटी अनुपमा रावत राजनीतिक गतिविधियों से लेकर सामाजिक कार्यों में लगे रहते हैं। वे दोनों पिता के प्रचार के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चुनावी रण में उतरे हैं। पिता को एक बार फिर संसद पहुंचाने के लिए रोड शो, सभाओं व सोशल मीडिया के जरिये अपने पिता के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। सीएम रहते हुए पिता की उपलब्धियां गिना रहे हैं और मोदी सरकार के खिलाफ भी आवाज बुलंद करते नजर आ रहे हैं।
उधर यमकेश्वर विधायक व पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी की बेटी ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में पूरा माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर लोग उत्साहित हैं। सोमवार को भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के प्रचार के लिए कमलुवागांजा स्थित बैंक्वेट हॉल में पहुंची ऋतु ने गढ़वाल सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी को लेकर कहा कि वह अपने भाई को शुभकामनाएं देती हैं। वह बहुत मेहनत कर रहे हैं। परिवार में विचारधारा को लेकर मतभेद हो सकता है। यह कोई नई बात नहीं है, लेकिन वह भाजपा के लिए प्रचार कर रही हैं और आगे भी करती रहेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here