कोरोना : 195 देशों में दी दस्तक और 21,200 हुईं मौतें

दुनियाभर में छाया मौत का साया

  • हंगरी में 37 साल के ब्रिटिश राजनयिक की जान गई; अमेरिका में मौतों का आंकड़ा एक हजार के पार
  • अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में 67 लोगों की मौत हो चुकी है, अमेरिका में 69,171 लोग संक्रमित  
  • इटली में एक दिन में कोरोना से 683 लोगों की मौत हुई, यहां मौतों का आंकड़ा 7503 तक पहुंचा
  • स्पेन में 24 घंटों में 656 लोगों ने जान गंवाई, यहां अब तक दर्ज की जा चुकी हैं 3,647 मौतें
  • चीन से भी ज्यादा हो गया स्पेन में मौतों का आंकड़ा, चीन में मौत की भेंट चढ़ चुके हैं 3,287 लोग
  • दुनिया की एक तिहाई जनता लॉकडाउन, भारत के 1.3 अरब, इटली के 6 करोड़ लोग अपने घरों में नजरबंद

बीजिंग/रोम/नई दिल्ली। आज गुरुवार सुबह तक 195 देश कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। इससे 21,200 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 68 हजार 905 संक्रमित हैं। 1 लाख 14 हजार 218 मरीज ठीक भी हुए। दुनिया की एक तिहाई आबादी लॉकडाउन है। भारत के 1.3 अरब, इटली के करीब 6 करोड़ लोग अपने घरों में नजरबंद हैं।
हंगरी में एक सीनियर ब्रिटिश राजनयिक स्टीवन डिक की कोरोनो वायरस से मौत हो गई। वह 37 साल के थे। वह बुडापेस्ट में ब्रिटिश दूतावास के मिशन के उप प्रमुख थे। उनकी मंगलवार को मौत हो गई थी। यहां अब तक 465 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9640 लोग संक्रमित हैं। वहीं अमेरिका में मौतों का आंकड़ा एक हजार के पार हो गया है। सीएनएन के मुताबिक अमेरिका में बुधवार को 223 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। यह देश में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। मंगलवार को यहां 164 लोगों की जान गई थी। जनवरी में यहां पहला मामला सामने आया था, तब से अब तक 1032 लोगों की मौत हो चुकी है। चार दिन पहले रविवार की सुबह तक देशभर में कुल 326 मौतें हुईं थीं। अमेरिका में 66,048 लोग संक्रमित हैं।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कोरोनो वायरस महामारी से निपटने के लिए टास्क फोर्स गठित करने का आदेश दिया है। देश में संक्रमण का आंकड़ा 1307 हो गया है, जबकि 45 लोगों की मौत हो गई है। जापान कैबिनेट के मुख्य सचिव योशीहिदे सुगा ने आज गुरुवार को कहा कि टास्क फोर्स का गठन करने के लिए आपातकाल की स्थिति घोषित करने की जरूरत है। बुधवार को सबसे ज्यादा 98 नए मामले सामने आए।
हॉन्गकॉन्ग में बुधवार को संक्रमण के 24 नए मामलों की पुष्टि हुई। यहां कुल 410 केस हो चुके हैं। यहां सरकार ने अन्य देशों के साथ सीमाएं बंद कर दी हैं। हालांकि, कम्युनिटी ट्रांसमिशन कम हो रहा है। यहां चार लोगों की मौत हो चुकी है।
इटली में एक दिन में कोरोना से 683 लोगों की मौत हुई है। यहां मौतों का आंकड़ा 7,503 हो चुका है। वहीं, संक्रमण का आंकड़ा 74,386 हो गया है। इटली में 9 मार्च से शुरू हुआ लॉकडाउन 3 अप्रैल को खत्म होने वाला है। मंगलवार को कोरोना वायरस को लेकर लापरवाही बरतने वाले लोगों से सख्ती से निपटने के लिए नई एडवाइजरी जारी की। इसमें होम क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों को जुर्माना और जेल भी हो सकती है।
उधर स्पेन में 24 घंटों में 656 लोगों ने जान गंवाई है। यहां अब तक 3,647 मौतें दर्ज की जा चुकी है। स्पेन में मौतों का आंकड़ा चीन से भी ज्यादा हो गया है।  चीन में 3,287 लोग मर चुके हैं। स्पेन की उप प्रधानमंत्री कार्मेन काल्वो बुधवार रात कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गईं। रिपोर्ट के मुताबिक काल्वो की सेहत चार दिन से खराब थी। वह घर से ही आइसोलेशन में सरकारी कामकाज कर रही थीं। बुधवार रात उनकी पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्पेन सरकार ने काल्वो के स्टाफ और उनके संपर्क में जो दूसरे लोग आए हैं, उन सभी को क्वारैंटाइन में जाने का आदेश दिया है। एक मेडिकल बोर्ड इन सभी की निगरानी करेगा।
मिस्र और उसकी राजधानी काहिरा को बुधवार शाम शटडाउन कर दिया गया। यहां करीब दो करोड़ लोग रहते हैं। अधिकारियों ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। शहर में रेस्तरां और कैफे आमतौर पर सुबह तक खुले रहते हैं। लेकिन कर्फ्यू शुरू होने से पहले ही दुकानें और रेस्तरां बंद कर दी गईं। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज गुरुवार को बताया कि देश में संक्रमण के मामले अब तक 456 हो चुके हैं। इसमें 21 लोगों की मौत हुई है।
उधर न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना वायरस के 73 नए मरीज मिले हैं। यह देश में एक दिन में संक्रमण का सबसे ज्यादा मामला है। ज्यादातर मामलों में संक्रमितों का विदेश यात्रा का इतिहास रहा है। विदेश से लौटने के बाद वे किसी कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। इस तरह से संक्रमण का मामला बढ़ा है। भारतीय मूल के मशहूर शेफ फ्लॉयड कार्डोज का 18 मार्च को न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में कोरोना टेस्ट किया गया था। इसका रिजल्ट पॉजिटिव आया था। इसके बाद से 59 वर्षीय फ्लॉयड का न्यूजर्सी में इलाज चल रहा था। उनकी कंपनी हंगर इंक ने एक बयान में कहा, “बड़े दुख के साथ सूचित किया जा रहा है कि शेफ फ्लॉयड कार्डोज का 25 मार्च को निधन हो गया है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here