मलिन बस्ती वाले भी ऑनलाइन जमा करेंगे गृहकर

नगर निगम क्षेत्र का मामला

  • 129 मलिन बस्तियों के 40 हजार परिवारों से होनी है टैक्स वसूली
  • नगर निगम की ओर से मलिन बस्ती का डाटा हो रहा अपलोड
  • टैक्स जमा कराने के लिए नहीं लगाने होंगे निगम के चक्कर

देहरादून। नगर निगम क्षेत्र की मलिन बस्तियों में रहने वाले लोग के अच्छी खबर है। अब वे भी ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा कर सकेंगे। कर अनुभाग की ओर से मलिन बस्तियों का डाटा अपलोड किया जा रहा है। पेपरलेस व्यवस्था इसी महीने लागू हो जाएगी। हालांकि लोगों की सहूलियत के लिए शिविर लगाकर ऑनलाइन टैक्स भी जमा कराया जाएगा।
गौरतलब है कि मौजूदा समय में नगर निगम क्षेत्र में 129 मलिन बस्तियां हैं। इनमें 40 हजार परिवारों से हाउस टैक्स की वसूली की जानी है। नगर निगम प्रशासन ने हाउस टैक्स अनुभाग को पेपरलेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम के आईटी विभाग की टीम इस पर काम कर रही है। अभी इसका ट्रॉयल चल रहा है। इस महीने राजपुर, अधोईवाला, अजबपुर कलां, कांवली, धर्मपुर समेत 129 मलिन बस्ती में रहने वाले परिवार भी नगर निगम की वेबसाइट के जरिये अपना हाउस टैक्स जमा कर सकेंगे। बस्तियों के 40 हजार परिवारों को हाउस टैक्स जमा करने से पहले अपने सभी दस्तावेज (आधार, बिजली, पानी का बिल आदि) नगर निगम की वेबसाइट पर अपलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें निगम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
इसकी पुष्टि करते हुए मेयर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र को पहले ही ऑनलाइन किया जा चुका है। अब हाउस टैक्स व्यवस्था को पूरी तरह से पेपरलेस किया जा रहा है। इस पर काम चल रहा है। इसी महीने इसे लागू कर दिया जाएगा। अन्य लोगों के साथ ही मलिन बस्ती में रहने वाले लोग भी बगैर नगर निगम आए हाउस टैक्स जमा करा सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here