सुपर ओवर में रोहित का डबल ‘6’, रचा इतिहास!

  • भारत ने न्यूजीलैंड को तीसरे टी 20 में सुपर ओवर में हराया, सीरीज भी जीती
  • भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 से आगे, हैमिल्टन में सुपर ओवर में जीत
  • रोहित शर्मा बने मैन ऑफ द मैच, फिर सुपर ओवर में भी जड़े लगातार दो सिक्स
  • न्यूजीलैंड के कप्तान केन ने बनाए सर्वाधिक 95 रन, अंतिम ओवर में हुए आउट
  • अंतिम ओवर में मेजबान टीम को जीत के लिए चाहिये थे नौ रन, लेकिन बने 8 रन

हैमिल्टन। आज बुधवार को न्यूजीलैंड टीम ने कप्तान केन विलियमसन (95) भारत के खिलाफ तीसरे टी 20 में अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। भारतीय टीम ने सुपर ओवर में पहुंचे इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया। भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 179 रन बनाए, न्यूजीलैंड टीम भी 20 ओवर में छह विकेट पर 179 रन ही बना सकी।
इसके बाद मैच के परिणाम के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया गया। सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने एक छक्के और दो चौकों की मदद से 17 रन बनाए और भारतीय टीम ने 20 रन बनाए। रोहित शर्मा ने सुपर ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर इतिहास रच दिया और टीम इंडिया को जीत दिलाई। इसी के साथ भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।
भारत टीम ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। ऐसा पहली बार है कि उसने न्यूजीलैंड में पहली बार टी 20 इंटरनेशनल सीरीज पर कब्जा किया। इससे पहले दो अवसरों पर वह यह उपलब्धि हासिल करने में नाकाम रही थी। भारत 2008-09 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में 0-2 से जबकि पिछले साल 1-2 से सीरीज हार गया था।
हालांकि तीसरे नंबर पर उतरे कप्तान केन विलियमसन ने उम्दा पारी खेली और टीम को जीत की दहलीज तक ले गए। उन्होंने मिशेल सैंटनर (9) के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़े, फिर कोलिन डि ग्रैंडहोम (5) के साथ चौथे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। इसमें विलियमसन ने ही ज्यादा रनों का योगदान दिया। सैंटनर को चहल ने बोल्ड किया जबकि ग्रैंडहोम को शार्दुल की गेंद पर शिवम दुबे ने लपका।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआती अच्छी रही और उसने 5.4 ओवर में ही 47 रन बना लिए। गप्टिल को शार्दुल ठाकुर ने शिकार बनाया और उन्हें सब्स्टीट्यूट संजू सैमसन ने लपका। गप्टिल ने 21 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके बाद कोलिन मुनरो (14) को रविंद्र जडेजा ने शिकार बनाया और लोकेश राहुल ने स्टंप आउट कर दिया। मुनरो ने 16 गेंदों पर 2 चौके लगाए।
अंतिम ओवर में मेजबान टीम को जीत के लिए 9 रन की दरकार थी, लेकिन टीम 8 रन ही बना सकी। रॉस टेलर ने पहली बॉल पर सिक्स लगाया और दूसरी पर सिंगल ले लिया। मोहम्मद शमी ने तीसरी गेंद पर केन विलियमसन (95) को विकेट के पीछे कैच कराया। विलियमसन ने 48 गेंदों पर 8 चौके और 6 छक्के जड़े। इसके बाद टेलर (17) अंतिम गेंद पर बोल्ड हो गए। टेलर ने 10 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया।
रोहित शर्मा (65) के आक्रामक अर्धशतक से भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 179 रन बनाए। रोहित ने 40 गेंदों पर 65 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने केएल राहुल (19 गेंद में 27 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 87 रन जोड़े।
राहुल और रोहित ने आते ही आक्रामक अंदाज में खेलते हुए न्यू जीलैंड के गेंदबाजों की मैदान के चारों ओर धुनाई की। टिम साउदी और हामिश बेनेट दोनों महंगे साबित हुए। साउदी को कोई विकेट भी नहीं मिल सका जबकि बेनेट ने 3 विकेट लिए लेकिन 54 रन दे दिए। भारत ने पहले छह ओवर में 69 रन बना डाले। रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक 23 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने हामिश बेनेट के दूसरे ओवर में 27 रन बनाए। उन्होंने तीसरी बार टी20 क्रिकेट में इतनी गेंद में अर्धशतक पूरा किया है। उन्होंने सबसे तेज पचासा वेस्ट इंडीज के खिलाफ 2016 में 22 गेंद में लगाया था।
राहुल दूसरे छोर पर कोलिन डि ग्रैंडहोम का शिकार हुए। शिवम दुबे (3) को तीसरे नंबर पर भेजा गया लेकिन यह प्रयोग विफल रहा। वह सात गेंद खेलने के बाद आउट हो गए और भारतीय पारी का प्रवाह भी टूटा। इसी दबाव में रोहित भी बेनेट को अपना विकेट गंवा बैठे। भारत ने तीन ओवर में सात रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए।
कप्तान विराट कोहली (27 गेंद में 38 रन) और श्रेयस अय्यर (17 रन) ने चौथे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। विराट ने अपनी पारी में 2 चौके और एक छक्का लगाया। अय्यर ने 16 गेंदों पर एक सिक्स लगाया। उनका विकेट 17वें ओवर में गिरा और दो ओवर बाद कोहली भी पविलियन लौट गए। मनीष पांडे ने 14 और रविंद्र जडेजा ने 10 रन बनाकर भारत को 170 के पार पहुंचाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here