मां संग सो रही 27 दिन की बच्ची गायब होने से मचा हड़कंप

  • शारदा नहर के किनारे झाड़ियों में बच्ची का कंबल मिलने से पुलिस ने नहर में फेंके जाने की जताई आशंका

खटीमा। चकरपुर चौकी क्षेत्र के पचौरिया नई बस्ती में मां-बाप के साथ सो रही 27 दिन की नवजात बच्ची के गायब होने से हड़कंप मच गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि सोमवार को मासूम के बारे में परिजनों से जानकारी जुटाई। वहीं देर शाम करीब पांच बजे शारदा नहर के किनारे झाड़ियों में बच्ची का कंबल मिला। पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार पचौरिया नई बस्ती निवासी विजय कुमार ने सूचना दी कि रविवार सुबह करीब चार बजे जब उसकी पत्नी निशा जागी तो उसके साथ सो रही 27 दिन की बच्ची प्रियांशिका वहां नहीं थी। उन्होंने बच्ची की तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सूचना पर आसपास के लोग भी प्रियांशिका की तलाश में जुटे, लेकिन उसका पता नहीं चला।
विजय ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है और 20 नवंबर को उसकी बेटी प्रियांशिका का जन्म हुआ, जिस पर वह छुट्टी में घर आया है। घर में मां विमला देवी, पिता अर्जुन राम, वह और उसका भाई अजय हैं। रविवार रात करीब आठ-नौ बजे परिवार के साथ भोजन करने के बाद पत्नी निशा पुत्री प्रियांशिका को लेकर सोने को चली गई। सुबह चार बजे कंबल के साथ पुत्री गायब मिली। बताया कि दंपती का प्रेम विवाह 25 जनवरी 2018 को हुआ था। प्रियांशिका पहली संतान है।
चकरपुर चौकी इंचार्ज देवेंद्र राजपूत ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर बच्ची की तलाश की जा रही है। देर शाम तक परिजन बच्ची की तलाश करते रहे।
चकरपुर के पचौरिया नई बस्ती में घर से गायब नवजात बच्ची का कंबल शारदा नहर के किनारे झाड़ियों में मिला। इससे बच्ची को नहर में फेंकने की संभावना जताई गई है। राजपूत ने बताया कि मौके पर कंबल मिला है, बच्ची के नहर में फेंकने की आशंका भी जताई जा रही है। बताया कि नहर में भी बच्ची की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here