ऐतिहासिक फैसला
- स्तेनिस्लाव पेत्रोव ने गलत अलार्म पर सही ऐक्शन लेकर तीसरे विश्व युद्ध के खतरे से बचाया था दुनिया को
- समझदारी दिखाते रूसी कर्नल पेत्रोव के एक अहम फैसले ने टाल दिया था अमेरिका और रूस के बीच परमाणु युद्ध
मास्को। इस आदमी की तस्वीर देख आप शायद इसे पहचान न पाएं, लेकिन क्या आपको मालूम है कि अगर यह शख्स न होता तो शायद आज यह दुनिया भी नहीं होती और हम भी नहीं होते। इसने न जाने कितने लोगों और कितनी सभ्यताओं को बचाया। इस आदमी का नाम है स्तेनिस्लाव पेत्रोव जो कभी रूस के कर्नल थे।
स्तेनिस्लाव पेत्रोव ने समझदारी दिखाते हुए दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध के खतरे से बचाया था। उनके लिए एक अहम और ऐतिहासिक फैसले ने अमेरिका और रूस के बीच परमाणु युद्ध को टाल दिया था। घटनाक्रम के अनुसार उस वक्त पेत्रोव की उम्र 44 साल थी और वह रूस के परमाणु चेतावनी केंद्र पर तैनात थे। पेत्रोव की शिफ्ट खत्म होने में अभी कुछ वक्त बचा था कि तभी रडार स्क्रीन पर अलॉर्म बजने लगा और चेतावनी जारी की गयी कि अमेरिका रूस पर मिसाइलें दागने वाला है, लेकिन पेत्रोव ने होश खोने के बजाय सूझ-बूझ से काम लिया और थोड़ा इंतजार करते हुए उस सूचना को अपने शीर्ष अधिकारियों के साथ साझा नहीं किया।
पेत्रोव को उस वक्त लगा था कि वह सूचना गलत हो सकती है। कुछ सेकंड तक तो वह सोच में पड़ गए कि आखिर किया क्या जाए। इस पर उन्होंने अपने मन की आवाज सुनी और फैसला किया कि इस सूचना को बाकी लोगों व अपने सीनियरों के साथ साझा नहीं किया जाएगा। इसके काफी देर बाद पेत्रोव ने सैटेलाइट रडार ऑपरेटरों को फोन करके अंदेशा जताया कि अर्ली वॉर्निंग सिस्टम में कुछ तकनीकी खामी आ गई लगती है। लेकिन जब जांच की गयी तो उसका यह अंदेशा सही साबित हुआ। वाकई सिस्टम में कुछ गड़बड़ी थी और उसी वजह से वह गलत अलार्म और सूचना स्क्रीन पर दिख रही थी।
पेत्रोव ने समझदारी दिखायी और उसी का नतीजा है कि तीसरा विश्व युद्ध नहीं हुआ। उनकी वजह से दुनिया तबाह होने से बच गयी। यही वजह है कि पेत्रोव को ‘Man Who Saved The World’ के नाम से भी जाना जाता है। इस दुनिया को बचाने वाले पेत्रोव 2017 में खुद ही इस दुनिया को अलविदा कह गये।