रुद्रप्रयाग: बसुकेदार आपदा से ताजा हुईं 2013 की यादें, 8 लोग लापता, महिला की मौत

बसुकेदार/रुद्रप्रयाग।धराली, थराली के बाद रुद्रप्रयाग जिले का छेनागाड़ भयंकर तबाही का भेंट चढ़ गया। भारी बारिश और भूस्खलन ने जिले के बसुकेदार उप तहसील और जखोली ब्लॉक में भारी तबाही मचाई है। पूर्वी बांगर के मुख्य पड़ाव छेनागाड़ में भूस्खलन के कारण 15 से ज्यादा दुकानें और मकान जमीदोंज हो गए। यहां आठ लोग चंदन नदी में बह गए।
जानकारी के मुताबिक पूर्वी बांगर के मुख्य पड़ाव छेनागाड़ में बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे से बारिश हो रही थी। देर रात यहां मूसलाधार बारिश होने लगी। रात करीब 3 से 3:45 बजे के बीच अतिवृष्टि के कारण यहां भूस्खलन हो गया। मलबे के सैलाब में यहां बने मकान और दुकान जमीदोंज हो गए और इसका मलबा व यहां मौजूद लोग नीचे चंदन नदी में बह गए। इनमें चार नेपाली मजदूर, दो दुकानदार सते सिंह नेगी और नीरज और वन विभाग के दो कर्मचारी कुलदीप सिंह नेगी और राज बुगाना शामिल हैं।
हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक बस और एक अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। विश्वनाथ बस सेवा के चालक विजय सिंह और परिचालक दिनेश सिंह ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। उन्हें चोटें आई हैं और उन्हें सीएचसी अगस्त्यमुनि में भर्ती कराया गया है।
वहीं जखोली ब्लॉक के ग्राम पंचायत ललूड़ी के टेंडवाल गांव में भी एक आवासीय मकान ढहने से सरिता देवी नाम की एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू दल की मदद से उनका शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके अलावा बसुकेदार के आसपास के कई गांवों में भी बारिश से काफी नुकसान हुआ है।
ग्रामीण संदीप ने बताया कि रात के तीन बजे बादल फटा और आवासीय भवन मलबे में दब गए। अभी दूसरों के यहां शरण लिए हुए हैं। उन्होंने बताया कि जब यह घटना हुई, ऐसा लगा जैसे बम फट रहे हों। भूकंप जैसा महसूस हो रहा था। इसके साथ ही अन्य इलाकों में ग्रामीणों के आवासीय भवनों में दरारें पड़ चुकी हैं। बसुकेदार में बादल फटने की घटना ने यहां के बाशिंदों को वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा की याद को ताजा कर दिया है, जिससे उनकी रातों की नींद हराम हो गई है।








