हैदराबाद: गर्भवती पत्नी की गला घोटकर हत्या, शव के टुकड़े कर नदी में फेंके

0
2

हैदराबाद।तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 27 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पांच महीने की गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर मूसी नदी में फेंक दिए। मामले में पुलिस ने बताया कि महिला का धड़ आरोपी के घर में मिला।

मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि मूल रूप से विकाराबाद जिले के कामारेड्डीगुड़ा के रहने वाले महेंद्र और स्वाति जिन्होंने प्यार में पड़कर शादी की थी और हैदराबाद के बालाजी हिल्स में रह रहे थे। महेंद्र एक राइड-हेलिंग कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करता था। पुलिस के अनुसार, शनिवार को दोपहर करीब 4:30 बजे महेंद्र ने अपनी पत्नी स्वाति की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के टुकड़े किए और सिर, हाथ और पैरों को मुसी नदी में फेंक दिया।

बता दें कि हत्याकांड के बाद महेंद्र ने अपनी बहन को फोन करके बताया कि उसकी पत्नी लापता है। बहन को शक हुआ और उसने एक रिश्तेदार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रिश्तेदार महेंद्र को पुलिस स्टेशन ले गया। वहां उसने फिर दावा किया कि उसकी पत्नी गायब है, लेकिन पुलिस की पूछताछ में वह टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

वहीं मामले में मलकाजगिरी जोन की डीसीपी पी वी पद्मजा ने बताया कि महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि महेंद्र ने स्वाति के सिर, हाथ और पैर मुसी नदी में फेंक दिए थे, लेकिन गोताखोरों को अभी तक ये अंग नहीं मिले हैं। महिला का धड़ उसके घर में छिपा हुआ मिला। डीसीपी ने कहा कि हमने फोरेंसिक सबूत जमा किए हैं। शव की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया जाएगा। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और तेजी से जांच और सुनवाई की जाएगी।

Enews24x7 Team

Comments are closed.