
दरभंगा। वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार के दरभंगा में कांग्रेस के मंच से गाली दी गई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो बीजेपी के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया। दरभंगा के साथ-साथ पटना के कोतवाली थाने में इस मामले में केस दर्ज कराया गया। अब आरोपी को दरभंगा में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शेष को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी चल रही है।
कौन है रिजवी उर्फ राजा
रिजवी उर्फ राजा पेठिया चौक पर पंचर की दुकान चलाता है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समर्थक के रूप में जाना जाता है। वह कांग्रेस का कोई आधिकारिक पदाधिकारी नहीं है, लेकिन सामाजिक और राजनीतिक आयोजनों में सक्रिय रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रिजवी उर्फ राजा अक्सर नेताओं के साथ दिखाई देता है पर उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। इस घटना ने उसे अचानक सियासी सुर्खियों में ला दिया है और अब वह पुलिस की गिरफ्त में है।
साइबर जांच और वीडियो फुटेज
सिमरी पुलिस ने रैली के वायरल वीडियो की साइबर जांच शुरू की जिसमें रिजवी को आपत्तिजनक नारे लगाते देखा गया। पुलिस ने बताया कि वीडियो में पीएम और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां थीं। रिजवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। सिटी एसपी अशोक कुमार ने कहा कि अन्य लोगों की पहचान के लिए फुटेज की पड़ताल जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
सभा आयोजक ने मांगी माफी
पूरे विवाद के बीच सभा आयोजक और युवा कांग्रेस नेता नौशाद ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मंच पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को उसी समय रोका गया और लोगों ने उसकी पिटाई भी की। नौशाद ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया और कहा कि इसका कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है।
इस घटना के बाद कांग्रेस और राजद विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए हैं। बीजेपी ने इसे INDIA गठबंधन की मानसिकता करार दिया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कांग्रेस पर हमला बोला। उनका कहना है कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करती रही है, लेकिन इस बार हद पार हो गई है।
क्या है पूरा मामला
दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में कांग्रेस की सभा चल रही थी। इसी दौरान रिजवी उर्फ राजा मंच पर पहुंचा और माइक से पीएम मोदी को गाली देने लगा। सभा में मौजूद लोगों ने उसे तुरंत रोका, लेकिन इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विवाद गहराया और पुलिस हरकत में आई।
दरभंगा की यह घटना अब राज्य की राजनीति में गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह व्यक्तिगत कृत्य था और पार्टी का इससे कोई संबंध नहीं है। वहीं बीजेपी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस के संरक्षण में ही ऐसा माहौल बनाया गया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।








