उत्तराखंड की तीन महिला खिलाड़ियों का इमर्जिंग वूमेंस टूर्नामेंट के लिए चयन

देहरादून।उत्तराखंड की तीन महिला क्रिकेट खिलाड़ियों ने एक बार फिर प्रदेश को गर्व का अहसास कराया है। बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के क्रिकेट हेड वीवीएस लक्ष्मण की ओर से क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के सचिव माहिम वर्मा को पत्र द्वारा सूचित करके बताया गया है कि बेंगलुरु में 12 जुलाई से 27 जुलाई तक इमर्जिंग वूमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है और इसके लिए क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड की तीन महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ये तीन खिलाड़ी राघवी बिष्ट, नंदिनी कश्यप और प्रेमा रावत है।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के सचिव माहिम वर्मा ने सभी चयनित महिला खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा है कि यह क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड के लिए एक गौरव का क्षण है। उन्होने उन्हें कड़ी मेहनत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
प्रेमा रावत- बागेश्वर के सुदूरवर्ती गांव सुमति की निवासी प्रेमा रावत दाएं हाथ की विस्फोटक बल्लेबाज और ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। वे उत्तराखंड की सबसे महंगी महिला क्रिकेट खिलाड़ी हैं। वुमन प्रीमियर लीग (WPL) में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और आरसीबी (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) ने उन्हें 1.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
नंदिनी कश्यप-देहरादून निवासी नंदिनी ने दिल्ली कैपिटल्स की टीम से WPL में भाग लिया है। वे भारतीय महिला क्रिकेट टीम में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी-20 श्रृंखला में भी शामिल रह चुकी हैं।
राघवी बिष्ट-टिहरी गढ़वाल की राघवी बिष्ट भी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रह चुकी हैं और भारत की महिला टी-20 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।








