
कानपुर।उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां कानपुर सेंट्रल के बाहर और आरपीएफ थाने गेट के सामने एक लग्जरी कार के अंदर, एक शख्स का शव मिला। जिसके बाद हर तरफ हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस के बड़े आला अधिकारी पहुंचे। उनके चेहरे व गले पर चोट और हाथ पर जले के निशान मिले हैं। कार में नींद की दवा भी मिली है।
मिलीं जानकारी के मुताबिक, निर्मल की पत्नी राशि ने बताया कि डॉक्टर ने यह दवाएं लिखी थीं लेकिन अब वह इनका सेवन नहीं कर रहे थे। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साकेतनगर निवासी पत्नी राशि ने बताया कि 27 नवंबर 2023 को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ बेहटा निवासी निर्मल उपाध्याय (38) से शादी हुई थी।
लिवर सिरोसिस का चल रहा था इलाज:- वह जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 83 बटालियन सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर थे। वह शराब के लती थे। इस लिए अक्सर विवाद होता था। इस विवाद के कारण मायके में रह रही थी। लिवर सिरोसिस का इलाज चल रहा था। करीब 12 दिन पहले उन्हें इलाज के लिए छुट्टी देकर भेजा गया था।
विभागीय कार्य से जाना था दिल्ली:- वह सीधे कानपुर आ गए थे। यहीं साथ में ही रह रहे थे। गुरुवार रात में शराब के नशे में मारपीट की थी। शुक्रवार को उन्हें शताब्दी एक्सप्रेस से विभागीय कार्य से दिल्ली जाना था। यहां किराये पर रहने वाले संजय चौहान के साथ अपनी काले रंग की हेक्टर कार 23बीएच-3881एल निकले।
कानपुर सेंट्रल पर वह सुबह सात बजे कैंट साइड पहुंचे और पार्किंग में कार खड़ी कर दी। संजय को वापस भेज दिया, लेकिन कार की चाभी नहीं दी। पार्किंग में एक दिन के लिए कार खड़ी करने की बात कह पर्ची ली थी। शाम को कार में शव मिलने की सूचना मिली।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा:- जीआरपी के कार्यवाहक इंस्पेक्टर अर्पित तिवारी को बताया कि शाम को पार्किंग कर्मचारी ने कार में शव होने की सूचना दी थी। वहां गाड़ी में मिले कागजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने के बाद शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण पता चल सकेगा। किसी ने कोई आरोप नहीं लगाया है। अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिवार वाले भी कुछ खास जानकारी नहीं दे रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही जानकारी हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।








