उत्तराखंड : पहाड़ से लेकर मैदान तक आज बदला रहेगा मौसम का मिजाज!

देहरादून। उत्तराखंड में आज लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, दक्षिण से आ रही नम हवा के चलते दो दिन तक पहाड़ से मैदान तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पांच पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर में तेज गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है। पर्वतीय इलाकों के साथ ही राजधानी समेत मैदानी इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एवं वरिष्ठ मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह के मुताबिक, देश के दक्षिणी इलाकों से आने वाली हवा के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिला है। फिलहाल मौसम का बदला मिजाज अगले 48 घंटे तक देखने को मिलेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ही तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।

मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह ने बताया कि मौसम के बदले मिजाज के चलते मैदान से लेकर पहाड़ पर तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके चलते गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी लेकिन दो दिन बाद स्थितियां फिर पूर्ववत हो जाएंगी और चटख धूप निकलने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

प्रदेश में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। मैदानों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है, जबकि पहाड़ों में दो हजार मीटर से ऊपर व आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here