…तो तीरथ की अग्निपरीक्षा साबित होगा सल्ट उपचुनाव!

देहरादून। सल्ट विधानसभा उपचुनाव के घोषित होते ही नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की परीक्षा की घड़ी आ गई है। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन के कारण खाली हुई सीट पर वापसी की भाजपा के सामने चुनौती है। इस चुनाव में अभी किसी भी राजनीतिक दल ने उम्मीदवारी को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं। गौरतलब है कि अल्मोड़ा की सल्ट विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को उपचुनाव होंगे और दो मई को नतीजे आएंगे। इस चुनाव की अहम बात यह होगी कि यह उपचुनाव वर्ष 2022 के विस चुनावों की दिशा तय करने में निर्णायक माना जाएगा। ऐसे में यह उपचुनाव तीरथ के अग्निपरीक्षा साबित होने जा रहा है।
उधर कांग्रेस भी इस सीट पर पूरा जोर लगाने की कोशिश में जुटी है। सल्ट उपचुनाव ऐसे समय में घोषित हुआ है जब तीरथ सिंह रावत प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने नया-नया पदभार संभाला है। ऐसे में मुख्यमंत्री को सल्ट उपचुनाव की कमान भी संभालनी होगी। उपचुनाव का परिणाम यह भी बताएगा कि नेतृत्व परिवर्तन के बाद लोगों के मूड में कितना बदलाव आया है।
अब तीरथ सिंह रावत के कंधों पर उपचुनाव का माहौल अपने पक्ष में बनाने की चुनौती है। सल्ट विधानसभा में दो बार कांग्रेस और दो बार भाजपा का परचम लहराया है। इस विधानसभा में भाजपा के पास यह सीट थी और उसके तेजतर्रार विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की यहां बेहद मजबूत पकड़ भी मानी जाती थी। भाजपा को अभी यह तय करना है कि उपचुनाव में भाजपा की तरफ से उम्मीदवारी किसकी होगी। दूसरी ओर कांग्रेस इस उपचुनाव को आने वाले विधानसभा उपचुनाव का लिटमस टेस्ट मानकर चल रही है। ऐसे में कांग्रेस की इस उपचुनाव के जरिये विधानसभा चुनाव में मनोवैज्ञानिक रूप से बढ़त बनाने की कोशिश है।
कांग्रेस की ओर से अभी तक दो दावेदारी सामने आई हैं। पहली दावेदारी इसी क्षेत्र के पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के बेटे विक्रम रावत की है। वहीं, पिछले चुनाव में कम मार्जिन से हारीं कांग्रेस कि रनर अप प्रत्याशी भी दावा कर रहीं हैं। हालांकि पिछले कुछ समय में प्रदेश में आप ने भी अपनी मौजूदगी का एहसास कराया है। आप भी सीट पर उपचुनाव में दावा ठोक सकती है। ऐसे में उपचुनाव में आप की भी परीक्षा होगी और परिणाम पर इसका फर्क पड़ने से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। इस उपचुनाव का एक दिलचस्प सवाल यह भी है कि क्या मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत उपचुनाव के उम्मीदवार हो सकते हैं? 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here