उत्तराखंड देशभर का विद्याधाम : राजनाथ

  • राज्य स्थापना दिवस पर मुख्य कार्यक्रम में देहरादून पहुंचे रक्षा मंत्री ने कहा
  • उत्तराखंड देवभूमि, यहां हर गांव से लोग सेना में, यहां चारधाम और गांव-गांव सैन्य धाम
  • बोले, उत्तराखंड से मेरा गहरा नाता, राज्य गठन के दौरान कई दस्तावेज पर किये हस्ताक्षर  

देहरादून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड से मेरा गहरा नाता है। राज्य गठन के दौरान मैंने कई दस्तावेजों में हस्ताक्षर किए थे। कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, यहां हर गांव से लोग सेना में हैं। यहां चारधाम और गांव-गांव सैन्य धाम है।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए रक्षा मंत्री देहरादून पहुंचे। राजनाथ ने दीप प्रज्वलित कर ‘भारत-भारती उत्सव’ समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड वासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि अब उत्तराखंड विद्याधाम भी है। देशभर से बच्चे यहां पढ़ने आ रहे हैं। कहा कि उत्तराखंड 19 साल पूरे कर चुका है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राज्य के विकास में आगे आए।

उन्होंने कहा कि विविधता में एकता केवल भारत में है। भारत की संस्कृति में उदारता और सर्वधर्म समभाव है। केवल भारत में इस्लाम के 72 फिरके मिलते हैं। भारत का अतीत बहुत गौरवशाली रहा है। उत्तराखंड निश्चित रूप से तेजी से प्रगति करेगा। समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी और राज्य आंदोलनकारियों व शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि 19 साल में राज्य की कैपिटल इनकम बढ़ी है। 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बच्चे उत्तराखंड में पढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। वृद्धावस्था पेंशन में इजाफा किया जाएगा। मुख्यमंत्री सीमांत योजना लेकर आएगी। स्कूल में आने छह साल तक के बच्चों को दूध, केला और अंडा दिया जाएगा।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राजनाथ सिंह मीडिया से मिले और अयोध्या मामले में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया। रक्षा मंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले में किसी की हार, जीत का कोई मतलब नहीं है।
इस अवसर पर पुलिस लाइन में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद रहे। परेड में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को सलामी दी गई। भव्य परेड के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी कार्यकुशलता का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने साहसिक करतब दिखाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here