आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप करेंगे राज्य का विकास : धामी

देहरादून। आज सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के एकादश अधिवेशन में प्रतिभाग किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस अधिवेशन में मंथन से जो अमृत निकलेगा, वह कार्य के प्रति सभी लोगों को प्रेरणा देगा और नई ऊर्जा का संचार करेगा। डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने विभिन्न बिन्दुओं की जो मांग रखी है, उन मांगों का समाधान करने का हरसंभव प्रयास किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि अपर मुख्य सचिव आनंद वर्धन से वार्ता कर डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारी सभी समस्याओं से अवगत करायें, जिन समस्याओं का जल्द निराकरण हो सकता है, किया जायेगा। धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मांग के लिए राज्य आंदोलनकारियों द्वारा बहुत संघर्ष किया गया। राज्य आन्दोलनकारियों के सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। वर्ष 2025 में जब हम उत्तराखंड की रजत जयंती मनायेंगे, उस समय उत्तराखंड हर क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में होगा। उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की हमारे समक्ष चुनौती है। इसके लिए सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। जन सहयोग एवं जनभागीदारी से उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाया जायेगा। कोरोना काल में सभी वर्गों के लोगों ने जन सेवा के लिए अपने आप को झोंकने का सराहनीय कार्य किया।

धामी ने कहा कि प्रदेश का मुख्य सेवक होने के नाते उनका प्रयास है कि कर्मचारियों की सभी समस्याओं का समाधान हो। प्रदेश की वित्तीय स्थिति एवं संसाधन किस दिशा में जा रहे हैं, इसका उत्तर हमें सबको मिलकर खोजना होगा। प्रदेश के समग्र विकास के लिए सभी वर्गों का विकास जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े लोगों तक सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उत्तराखंड की विकास यात्रा सबकी सामूहिक यात्रा है। इसके विकास के लिए सबको पूर्ण मनोयोग, ऊर्जा, लगन व निष्ठा से कार्य करना होगा।

विधायक विनोद चमोली ने कहा कि उत्तराखंड  डिप्लोमा इंजीनियर्स की प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तराखंड युवा राज्य है, इस राज्य के तीव्र विकास के लिए आपकी भूमिका और अधिक बढ़ जाती है। सरकार नीतियां बना सकती है, प्रदेश को उन्नति के पथ पर लाने के लिए जन सहयोग बहुत जरूरी है। हम सबको अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
अपर मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कहा कि आप राज्य में विश्वकर्मा की भूमिका में हैं। उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है। यहां इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए हमें मिलकर प्रयास करने होंगे। अपने फायदे के लिए सतत प्रयास सबका अधिकार है, लेकिन राज्यहित हमारे लिए पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। हमें राज्य की चुनौतियों पर चर्चा करनी होगी। प्रदेश एवं समाज की सरकार से काफी अपेक्षाएं होती हैं। इस अवसर पर उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष हरीश चन्द्र नौटियाल, संरक्षक यूएस महर, महासचिव अजय बेलवाल एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here