आज से विधानसभा सत्र, कल पेश होगा बजट, सेशन से पहले मचा सियासी घमासान

देहरादून। आज से उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। इसके लिए धामी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने बजट सत्र को लेकर सवाल खड़े करने शुरू कर दिये हैं। कांग्रेस ने बजट सत्र की समयावधि बढ़ाये जाने की मांग की है। पहले दिन सदन में राज्यपाल का अभिभाषण होगा। विधानसभा सचिवालय ने सत्र बेहतर ढंग से संचालित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्यपाल के अभिभाषण में सरकार के वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ व सशक्त राज्य बनाने का रोडमैप दिख सकता है। साेमवार को सुबह 11 बजे से विस का बजट सत्र शुरू होगा। इसके बाद राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) का अभिभाषण होगा। पहले दिन अभिभाषण के अलावा अन्य कोई विधायी कार्य नहीं होंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित हो जाएगी। भोजनावकाश के बाद तीन बजे से फिर से सदन चलेगा।

बता दें रविवार देर रात विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई, जिसमें एक मार्च तक सदन संचालित करने के लिए एजेंडा तय किया गया। बैठक में संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजना दास व उमेश शर्मा मौजूद रहे। विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने कार्यमंत्रणा से इस्तीफा दे रखा है, वह कार्यमंत्रणा में शामिल नहीं हुए।

वहीं उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा राज्य सरकार की मंशा बजट सत्र पर चर्चा और सदन में जनता के मुद्दे नहीं उठने को लेकर है। उन्होंने कहा सरकार ने सत्र की समयावधि को कम रखा है। बजट सत्र महत्वपूर्ण सत्र होता है, जबकि इस सत्र में पूरे साल भर का लेखा-जोखा और विभागीय बजट को लेकर चर्चा होनी है। जिसके कारण सत्र की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा सरकार 5 दिन का बजट सत्र चलाने जा रही है।

उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा सरकार लगातार बजट सत्र को शॉर्ट करती रहती है। उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पंजाब जैसे अन्य राज्यों में विधानसभा का बजट सत्र तीन तीन सप्ताह तक चलाया जाता है, लेकिन यह विडंबना है कि प्रदेश में बजट सत्र तीन दिन के लिए चलाया जाता है। सरकार जनता के पैसों को जनहित में खर्च करने के लिए गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया सरकार जनता के पैसों की बंदरबांट करना चाहती है। भुवन कापड़ी ने कहा आज उत्तराखंड हर तरफ से समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। यह सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त है। इसके साथ ही उन्होंने कहा सत्र में कांग्रेस पार्टी आकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बदहाल शिक्षा स्वास्थ्य व्यवस्था, खनन आबकारी से जुड़े विषयों को पूरी प्रमुखता के साथ उठाने जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here