उत्तराखंड: गंगा में महिला का शव मिलने से सनसनी, शिनाख्त के प्रयास तेज…

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में गंगा से एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ था, इसी दौरान महिला का शव बहकर बैरागी कैंप स्थित गंगा रेलिंग में फंस गया। शव को देख स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही एक महिला का शव गंगा में बहकर आया और कनखल के बैरागी कैंप में लगी गंगा की रेलिंग में फंस गया। रेलिंग में शव फंसा देख आसपास के क्षेत्र में सनसनी मच गई। शव को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा होने लगी। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को बाहर निकाला।
कनखल थाना प्रभारी मनोहर रावत ने बताया कि गंगा की धारा के बीच में महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। आसपास के लोगों से महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए गए, लेकिन मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल गहनता से मामले की जांच की जा रही है। महिला का शव किन परिस्थितियों ने गंगा में पहुंचा, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।








