उत्तराखंड: प्रेम विवाह से नाराज हुई माँ तो बेटे ने धारदार हथियार से किया हमला, हालत नाजुक

0
1

रुड़की। हरिद्वार जिले में मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांशीपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक बेटे ने अपनी ही मां की गर्दन को धारदार हथियार से काट दिया। महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी मची हुई है।

जानकारी के मुताबिक मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांशीपुर गांव निवासी सजीवन मजदूरी का काम करता है। सजीवन ने पड़ोस के हथियाथल गांव निवासी एक युवती से करीब चार माह पूर्व प्रेम विवाह कर लिया था। सजीवन की मां संतलेश इस शादी के खिलाफ थी। 30 अप्रैल बुधवार को सजीवन अपनी पत्नी को लेकर तांशीपुर गांव में आ गया। उसकी मां ने इसका विरोध किया और बेटे को खरी-खोटी सुनाई।

इसके बाद युवक पत्नी को छोड़ने मायके चला गया। जब वह शाम के समय वापस गांव में आ गया, तो उसकी मां घर पर अकेली थी। पिता और भाई मजदूरी के लिए गए हुए थे। इसी दौरान युवक ने तलवार से अपनी मां की गर्दन पर वार करने की कोशिश की। तलवार मां के जबड़े पर जा लगी। इसके बाद मां लहूलुहान होकर नीचे गिर गई। युवक ने शोर मचा दिया कि उसने मां को मार दिया और मौके से फरार हो गया।

जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल महिला को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर पड़ी तलवार को कब्जे में ले लिया। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश के एम्स हॉस्पिटल भेज दिया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार ने बताया कि तांशीपुर गांव में एक युवक द्वारा अपनी मां पर हमला करने की घटना हुई है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Enews24x7 Team

Comments are closed.