
आंध्र प्रदेश। अल्लूरी सीताराम राजू (अरफ) जिले में देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस चित्तूर-मरडुमल्ली घाट रोड पर अनियंत्रित होकर गहरी घाटी में जा गिरी। हादसे में 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, बस चित्तूर-मरडुमल्ली गिरी मार्ग पर मोड़ पर चालक के नियंत्रण खोने के बाद गहरी घाटी में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कई यात्रियों की मौके पर ही जान चली गई। बस में कुल 37 यात्री सवार थे।
10 की मौके पर ही मौत
ASR जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अब तक 9-10 लोगों की मौत हो गई है। सरकार द्वारा राहत अभियान चलाया जा चुका है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि कई लोग गंभीर रूप से घायल है जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, “आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि से मैं व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”
सीएम नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और शीर्ष अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बनाकर राहत और चिकित्सा सेवाएं तेज करने तथा घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज देने के आदेश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अब तक के बचाव कार्यों, बस में सवार यात्रियों की संख्या और अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति की जानकारी दी।








