चित्रा ने 1500 मीटर में जीता गोल्ड

दोहा में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के चौथे और अंतिम दिन मनवाया लोहा

दोहा। गत बुधवार को दोहा में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के चौथे और अंतिम दिन अपना 1500 मीटर दौड़ का खिताब बरकरार रखते हुए पीयू चित्रा ने भारत को तीसरा स्वर्ण पदक गोल्ड मेडल दिलाया। अजय कुमार सरोज ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में रजत और दुती चंद ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। भारत इस चैंपियनशिप में तीन गोल्ड, सात सिल्वर और सात ब्रॉन्ज मेडल के साथ चौथे स्थान पर रहा। 
चित्रा ने बहरीन की धाविका टाइगेस्ट गाशॉ को फिनिशिंग लाइन से कुछ मीटर पहले पीछे छोड़ते हुए खलीफा स्टेडियम में चार मिनट 14.56 सेकंड से दौड़ जीतकर देश का नाम रोशन किया। यह भारत का चैपियनशिप में तीसरा और आखिरी स्वर्ण पदक था। इससे पहले गोमती एम (महिला 800 मीटर) और तेजिंदर पाल सिंह (पुरुष शॉट पुट) ने सोमवार को दूसरे दिन स्वर्ण पदक जीता था। बहरीन की टाइगेस्ट ने 4:14.81 समय से रजत और बहरीन की ही मुटिल विनफ्रेड यावी ने 4:16.18 सेकेंड से कांस्य पदक प्राप्त किया।
गौरतलब है कि भारत वर्ष 2017 में भुवनेश्वर में हुई पिछली चैंपियनशिप में 29 पदक (12 गोल्ड, 5 सिल्वर, 12 ब्रॉन्ज) जीतते हुए टॉप पर रहा था। इस बार चैंपियनशिप में बहरीन 11 गोल्ड, सात सिल्वर और चार ब्रॉन्ज मेडल के साथ टॉप पर रहा। इसके बाद चीन (10 गोल्ड, 13 सिल्वर, सात ब्रॉन्ज ) के साथ दूसरे और जापान तीसरे (5 गोल्ड, चार सिल्वर, नौ ब्रॉन्ज) स्थान पर रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here