प्रियंका ने मोदी को बताया ‘दुर्योधन’!

  • कहा, जनता ने आज तक किसी के अहंकार को माफ नहीं किया
  • प्रियंका ने सुनाई दिनकर की कविता ‘हां हां दुर्योधन बांध मुझे’ 
  • बोलीं- मेरे शहीद पिता का अपमान किया, यह  नाकाबिले बर्दाश्त

अंबाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजीव गांधी पर टिप्पणी से आहत कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी को दुर्योधन बताते हुए कहा कि उन्होंने मेरे शहीद पिता का अपमान किया है, वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगी। इस बीच प्रियंका ने मंच से उतरकर लोगों से मुलाकात भी की। इस मौके पर प्रियंका ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कविता भी सुनाई।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर एक कहने पर कांग्रेस मोदी पर हमलावर हो गई है। राजीव गांधी की बेटी प्रियंका गांधी ने मोदी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए यहां रैली के दौरान मोदी की तुलना दुर्योधन से की। प्रियंका ने कहा, ‘चुनाव के प्रचार में भाजपा नेता कभी ये नहीं कहते कि उन्होंने जो वादे किए थे, वे पूरे किए या नहीं। कभी शहीदों के नाम पर वोट मांगते हैं, तो कभी मेरे परिवार के शहीद सदस्यों का अपमान करते हैं। उन्होंने मेरे शहीद पिता का अपमान किया है।’ उन्होंने कि यह चुनाव किसी एक परिवार के बारे में नहीं है, ये उन सभी परिवार के बारे में हैं जिनकी उम्मीदें इस प्रधानमंत्री ने तोड़ दी है।
प्रियंका ने कहा, ‘इस समय देश का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है लेकिन देश ने कभी अहंकार करने वाले को माफ नहीं किया है। इतिहास इसका गवाह है, महाभारत में भी जब श्रीकृष्ण दुर्योधन को समझाने गए थे तो दुर्योधन ने उन्हें ही बंदी बनाने की कोशिश की थी।’ उन्होंने इसी पर रामधारी सिंह दिनकर की एक कविता सुनाई, ‘जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है, हरि ने भीषण हुंकार किया, अपना स्वरूप-विस्तार किया, डगमग-डगमग दिग्गज डोले, भगवान कुपित होकर बोले- जंजीर बढ़ा कर साध मुझे, हां, हां दुर्योधन! बांध मुझे।’ 
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘हमारे देश की जनता में बहुत विवेक है, यह विवेक नया नहीं है और यह सदियों पुराना विवेक है। आप जनता को गुमराह नहीं कर सकते। कांग्रेस ये चुनाव मुद्दों पर लड़ रही है।’ प्रियंका गांधी आज मंगलवार को अंबाला जिले में जनसभा को संबोधित करने पहुंची थी। वह वहां कुमारी शैलजा के पक्ष में वोट करने के लिए अपील करने गई थीं। हरियाणा में कांग्रेस के प्रचार को और धार देने के लिए राहुल  के बाद अब उनकी बहन प्रियंका गांधी भी उतर आई हैं। प्रियंका की जनसभाओं और रोड शो को सफल बनाने के लिए हरियाणा के दिग्गज कांग्रेसियों ने पूरी ताकत झोंक रखी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here