‘हेलो, लॉरेंस बिश्नोई का आदमी मुंबई में कुछ बड़ा करने वाला है’, पुलिस को आई धमकी भरी कॉल, फिर…

मुंबई। सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और कैब ड्राइवर मामला सामने आने के बाद अब मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम को धमकी मिली। कॉलर ने कहा कि इस गैंग का आदमी जल्द मुंबई पहुंचेगा और बड़ी वारदात को अंजाम देगा। जिसके बाद कंट्रोल रूम से लोकल पुलिस को संपर्क किया गया। कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने अज्ञात कॉलर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

अज्ञात कॉलर ने कहा था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक आदमी मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर आने वाला है। जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ टीम से भी संपर्क किया गया। अज्ञात कॉलर ने बताया कि मुंबई पहुंचने वाला शख्स लाल शर्ट में होगा। कॉलर ने बताया कि उसने एक शख्स को फोन पर यह बात करते हुए सुना। जिसके बाद ही उसने कंट्रोल रूम से संपर्क किया।

बता दें, बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग के मामले में लॉरेंस बिश्नोई के भाई का नाम सामने आया था। बताया गया था कि शूटर अनमोल बिश्नोई के संपर्क में थे। इससे पहले एक कैब गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंच गई थी। जांच में पता लगा था कि ये कैब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से बुक की गई थी। इसकी सूचना के बाद पुलिस ने कैब चालक को हिरासत में लिया था। बाद में पता लगा कि यूपी के आरोपी ने इसे बुक किया था। जिसको गिरफ्तार किया गया था। आरोपी गाजियाबाद का 20 साल का छात्र निकला।

मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर 14 अप्रैल को दो युवक फायरिंग करके भाग गए थे। हमलावरों ने लॉरेंस गैंग के इशारे पर वारदात को अंजाम दिया था। जिसके बाद आरोपियों को दबोच लिया गया था। आरोपियों की पहचान 24 साल के विक्की गुप्ता और 21 साल के सागर पाल के तौर पर हुई थी। हमला करने से पहले आरोपियों ने 3 बार रेकी की थी। दोनों आरोपी बिहार के चंपारन के रहने वाले निकले।

पुलिस ने आरोपियों को गुजरात के कच्छ इलाके से दबोच लिया था। घर पर हुई फायरिंग का जिम्मा लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने लिया था। पुलिस के अनुसार 29 फरवरी से 1 मार्च के बीच आरोपी सलमान के घर से मात्र एक किलोमीटर दूर होटल के पास देखे गए थे। सूत्रों के मुताबिक सागर दो साल हरियाणा में रहा था। इस दौरान ही वह लॉरेंस गैंग के संपर्क में आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here