पौड़ी गढ़वाल: लापता मां को ढूंढ रहा था बेटा, 1 साल बाद जंगल में मिला कंकाल

पौड़ी गढ़वाल के कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज से नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। नरकंकाल की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को अपने कब्जे में ले लिया। कंकाल महिला का बताया जा रहा है, जिसकी कपड़ों के आधार पर शिनाख्त भी की जा चुकी है। जंगल में पड़े कंकाल को सबसे पहले फॉरेस्टर प्रकाश चंद्र मठपाल ने देखा। वो कालागढ़ दक्षिणी बीट कंपार्टमेंट छह में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मानव खोपड़ी दिखाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को खोपड़ी के साथ ही कुछ हड्डियां, कपड़े और गर्म ऊनी शॉल भी मिला। पुलिस ने गुमशुदगी के संबंध में जानकारी जुटाई तो पता चला कि कंकाल क्षेत्र की रहने वाली एक महिला का है, जो कि 24 जनवरी 2019 से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, पर महिला का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करवाने वाले मालोनी निवासी चंद्रमोहन से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंचते ही चंद्रमोहन फफक-फफक कर रो पड़े। उन्होंने बताया कि कंकाल उनकी माता ज्योतिरा देवी का है। वो पिछले एक साल से उनकी तलाश कर रहे थे। चंद्रमोहन ने कपड़ों के आधार पर कंकाल की शिनाख्त की। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here