मयूख की ‘ना’ के बाद बुरी तरह फंसी कांग्रेस!

पिथौरागढ़ उपचुनाव 2019

  • माना जा रहा है कि पार्टी अब किसी नए चेहरे पर ही खेलेगी उपचुनाव का दांव
  • नाम करीब-करीब तय, जातीय और क्षेत्रीय समीकरण भी टटोल रही पार्टी

देहरादून। पूर्व कांग्रेस विधायक मयूख महर के इनकार के बाद अब कांग्रेस पिथौरागढ़ उपचुनाव में बुरी तरह फंस गई है। पार्टी अब यहां नए प्रत्याशी की खोज में है। माना जा रहा है कि पार्टी अब किसी नए चेहरे पर ही दांव खेलेगी। प्रत्याशी की घोषणा जल्द होने की संभावना है। प्रत्याशी चयन के लिए पार्टी जातीय से लेकर क्षेत्रीय समीकरणों को टटोल रही है।
गौरतलब है कि पिथौरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस का सारा दारोमदार पूर्व विधायक मयूख महर पर ही था। मयूख के चुनाव लड़ने से साफ ना करने के बाद भी पार्टी मानकर चल रही थी कि वह मान जाएंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से मयूख से उप चुनाव लड़ने का आग्रह करने के बाद पार्टी नेताओं को लगा था कि वह आखिरकार चुनाव लड़ना स्वीकार कर लेंगे।
इसके बाद मयूख ने भी तीन दिन का समय मांगकर पार्टी नेताओं की उम्मीदों को बढ़ा दिया था। अब मयूख ने चुनाव लड़ने से साफ इनकार कर दिया है। जिसके बाद पार्टी ने नए प्रत्याशी की खोज शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पार्टी के स्तर से तीन नामों पर विचार किया जा रहा है। पार्टी अब इस कोशिश में है कि किसी नए चेहरे को ही मैदान में उतारा जाए। इसके साथ ही जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को भी टटोला जा रहा है।
हालांकि मयूख की ना के बाद भी पार्टी का हौसला अभी बरकरार है। पार्टी नेताओं के मुताबिक मयूख ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में खुलकर काम करने का इरादा जाहिर किया है। इस वजह से इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि नया प्रत्याशी मयूख की पसंद का भी हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here