लोहाघाट ब्लॉक में भाजपा ने लहराया परचम

कई जगह निर्विरोध चुना जाना तय

  • जिपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, क्षेत्र प्रमुख और उप प्रमुख के लिए चल रही है नामांकन प्रक्रिया
  • चंपावत से ज्योति का अध्यक्ष और ललित मोहन  का निर्विरोध उपाध्यक्ष बनना तय
  • नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर केवल बेला तोलिया का एकमात्र नामांकन
  • पौड़ी में कांग्रेस से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कैलाश ने किया नामांकन

देहरादून। प्रदेश में इन दिनों जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, क्षेत्र प्रमुख और उप प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। छठ पूजा के चलते आज शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन हरिद्वार को छोड़कर समस्त जनपदों में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, क्षेत्र प्रमुख एवं उप प्रमुख के पदों के लिए नामांकन भरे गए।
लोहाघाट ब्लॉक में नामांकन के बाद यहां भाजपा समर्थित नेहा ढेक ब्लॉक प्रमुख, कमला देवी जेष्ठ प्रमुख और रेनू देवी का कनिष्ठ प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। बस औपचारिक घोषणा बाकी है। चंपावत में भाजपा के हटाए गए ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी मुकेश महराना ने निर्दलीय के रूप में नामांकन भरा। उनके स्थान पर भाजपा ने सुंदर बोहरा को उम्मीदवार बनाया गया है। चंपावत जिला पंचायत उपाध्यक्ष के लिए भाजपा के ललित कुंवर ने नामांकन भरा। यहां ज्योति राय का अध्यक्ष और ललित मोहन कुंवर का निर्विरोध उपाध्यक्ष बनना तय है।
नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर केवल बेला तोलिया का एकमात्र नामांकन हुआ है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी बेला तोलिया का निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। भीमताल ब्लॉक में भाजपा से ब्लॉक प्रमुख उम्मीदवार डॉ. हरीश बिष्ट ने नामांकन भरा। बिष्ट का निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बनना लगभग तय है। ब्लॉक प्रमुख में भाजपा ने ही नामांकन कराया है।
हल्द्वानी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बेला तोलिया और जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर हल्द्वानी के पूर्व प्रमुख आनंद सिंह दर्मवाल निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। हालांकि अभी निर्वाचन अधिकारी ने दोनों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा नहीं की है। निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि चार नवंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दोनों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की जाएगी।
रुद्रपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी रेनू गंगवार का निर्विरोध बनना तय हो गया है। यहां केवल औपचारिक घोषणा होना बाकी है। रुद्रपुर में भाजपा ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर बंगाली कार्ड खेला । गदरपुर की खेमपुर सीट से जीते त्रिनाथ सरकार ने उपाध्यक्ष पद पर नामांकन भरा।
पौड़ी में जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने अध्यक्ष पद पर बमराड़ी सीट से सदस्य शांति देवी को प्रत्याशी बनाया है। उपाध्यक्ष पद पर पार्टी ने धौलकंड़ी सीट से जीत हासिल कर निर्दलीय सदन में पहुंची रचना देवी को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कैलाश चंद्र नामांकन के लिए पहुंचे। उन्होंने जिपं सीट ग्वाड़ से जीत हासिल की है। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने डोभ श्रीकोट सीट से सदस्य मेहरबान सिंह नेगी को प्रत्याशी बनाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here