सीएम के पिता बोले- ब्राह्मण विदेशी हैं, इन्हें बाहर भगाना है, हुए गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल को ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान देने के आरोप में पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया। उन्हें आज मंगलवार को रायपुर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि नंद कुमार बघेल ने जमानत लेने और वकील रखने से मना कर दिया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल के खिलाफ सर्व ब्राह्मण समाज की शिकायत पर ये केस दर्ज किया गया। नंद कुमार पर सामाजिक द्वेष पैदा करने का आरोप है।
रायगढ़ में भी ब्राह्मण समाज ने किया था प्रदर्शन : 3 दिन पहले नंद कुमार बघेल के बयान से नाराज ब्राह्मण समाज ने रायगढ़ में उनका पुतला दहन किया था। रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर सिटी कोतवाली का घेराव कर दिया। घंटों चले हंगामे के बाद पुलिस ने समाज के लोगों से शिकायत ले ली थी और कार्रवाई का भरोसा दिया था। हालांकि तब मामला दर्ज नहीं किया गया।
क्या कहा था नंद कुमार बघेल ने?: पिछले महीने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में नंद कुमार बघेल ने कहा था… अब ‘वोट हमारा राज तुम्हारा’ नहीं चलेगा। हम यह आंदोलन करेंगे। ब्राह्मणों को गंगा से वोल्गा (रूस की एक नदी) भेजेंगे, क्योंकि वे विदेशी हैं। जिस तरह से अंग्रेज आए और चले गए। उसी तरह से ये ब्राह्मण या तो सुधर जाएं या फिर गंगा से वोल्गा जाने को तैयार रहें।
20 साल पहले किताब पर हुआ था विवाद : नंद कुमार बघेल ने 20 साल पहले ‘ब्राह्मण कुमार रावण को मत मार’ शीर्षक से एक किताब लिखी थी। उनका कहना था कि किताब मनुस्मृति, वाल्मिकीय रामायण, रामचरितमानस और पेरियार की सच्ची रामायण की नए नजरिए से व्याख्या है। इस किताब के सामने आते ही विवाद शुरू हो गया था। वर्ष 2001 में छत्तीसगढ़ की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस किताब को प्रतिबंधित कर दिया था। बघेल 17 साल तक इसके खिलाफ केस लड़ते रहे। वष 2017 में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने प्रतिबंध लगाने के खिलाफ की गई उनकी याचिका को खारिज कर दिया। उधर सरकार का कहना था कि इस किताब में हिंदू धर्म की मान्यताओं के विपरीत और समाज पर नकारात्मक असर डालने वाली सामग्री है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here