देहरादून। आम आदमी पार्टी की झाड़ू छोड़कर कर्नल अजय कोठियाल ने आज मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया।
इस साल हुए उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में आप के टिकट पर कर्नल कोठियाल ने गंगोत्री विधानसभा सीट से अपना भाग्य आजमाया था। हालांकि इस दौरान उनकी करारी हार हुई थी और वह अपनी जमानत भी नहीं बचा सके थे। उन्हें केवल 6161 वोट मिले थे जो कि कुल मतों के केवल 10.33 प्रतिशत थे। आज मंगलवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुष्यंत गौतम ने कर्नल अजय कोठियाल को पार्टी सदस्यता दिलाई।
गौरतलब है कि कर्नल कोठियाल ने पिछले बुधवार को आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा था कि मैंने अपना त्यागपत्र पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों को ध्यान में रखते हुए दिया है। कर्नल कोठियाल 20 अप्रैल 2021 को आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। 17 अगस्त 2021 को आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में तगड़ा दांव खेला था। उत्तराखंड में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादे के साथ 2022 के विधानसभा चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी ने कर्नल कोठियाल को राज्य में अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया था। इसके 13 महीने बाद ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया और अब भाजपा में शामिल हो गये।