हम नाली साफ करवाने के लिए नहीं बने सांसद : प्रज्ञा

विवादित बोल

  • भोपाल की भाजपा सांसद के इस बयान से पार्टी नेतृत्व उनसे नाराज
  • उन्हें दिल्ली मुख्यालय तलब किया, ओवैसी ने भी इस पर दी कड़ी प्रतिक्रिया 

नई दिल्ली। भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में छाई रहती हैं। चुनाव प्रचार के दौरान राम मंदिर से लेकर नाथूराम गोडसे तक पर विवादित बयान दे चुकीं प्रज्ञा ने मध्यप्रदेश के सीहोर शहर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘हम नाली साफ करवाने के लिए सांसद नहीं बने हैं।’ उनके इस बयान से भाजपा नेतृत्व उनसे नाराज है और उन्हें दिल्ली मुख्यालय तलब किया है। ओवैसी ने भी इसपर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
यह माना जा रहा है कि भाजपा आलाकमान उन पर कार्रवाई कर सकता है और इसी वजह से उन्हें दिल्ली बुलाया गया है। प्रज्ञा दिल्ली में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव (संगठन) बीएल संतोष से मुलाकात करेंगी। गौरतलब है कि दोबारा सत्ता में आने के बाद भाजपा अपनी छवि को लेकर बेहद सजग है और वह विरोधियों को किसी भी तरह हमला करने का मौका नहीं देना चाहती। हो सकता है इसी वजह से प्रज्ञा को बुलाया गया हो। 
घटनाक्रम के अनुसार सीहोर में एक कार्यक्रम में प्रज्ञा ने कहा, ‘हम नाली साफ करवाने के लिए सांसद नहीं बने हैं। आपका शौचालय साफ करवाने के लिए बिलकुल नहीं बने हैं। हम जिस काम के लिए बनाए गए हैं, वह काम ईमानदारी के साथ करेंगे।’ उल्लेखनीय है कि लोकसभा के चुनावों में प्रज्ञा ने भोपाल से कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को हराया है।
प्रज्ञा के बयान पर एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘वो ऐसा इसलिए कहती है क्योंकि यह उनकी सोचने की प्रक्रिया है। भाजपा सांसद भारत में हो रहे जाति और वर्ग के भेदभाव को मानती हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का खुलकर विरोध किया है। इससे मैं बिलकल आश्चर्यचकित नहीं हूं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here