उत्तराखंड में सूखी ठंड का कहर, आज कई जिलों में यलो अलर्ट, जानें मौसम अपडेट

0
2

देहरादून। उत्तराखंड में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम अब आम जनजीवन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। बारिश के न होने के कारण उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी की ओर बढ़ रहा है, वहीं पहाड़ों से लेकर मैदान तक “सूखी ठंड” ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत व पौड़ी जिले में घना कोहरा छाएगा। वहीं, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले के कुछ इलाकों में शीत दिवस की स्थिति रहने के आसार हैं। जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में 20 व 21 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। इसके बाद 22 से 24 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा।

बृहस्पतिवार के तापमान की बात करें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री इजाफे के साथ 24.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 9.5 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Enews24x7 Team

Comments are closed.