हेलो उत्तराखंड, क्या चल रहा है : भाजपा के टॉप नेता दिल्ली में, पार्टी बता रही संयोग!

सियासत की शतरंज

  • मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, तीन मंत्री, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री भी दिल्ली में जमे
  • भाजपा प्रदेश प्रवक्ता का, पर्यटन विभाग के एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए दिल्ली गए धामी

देहरादून। प्रदेश भाजपा के सारे टॉप लीडर आजकल दिल्ली में जमा हैं। मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, सरकार के तीन मंत्री सहित पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के भी दिल्ली में होने की जानकारी है। दूसरी ओर सरकार और संगठन के इस तरह से दिल्ली में जमावड़े को लेकर यहा सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हैं। हालांकि भाजपा संगठन इन सारी चर्चाओं को खारिज करते हुए इसे मात्र एक संयोग बता रहा है। सूत्रों के अनुसार एक दो दिन में सारी तस्वीर साफ हो जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी के दिल्ली दौरे के बाद से ही उत्तराखंड की राजनीति में हलचल बढ़ी हुई है। साथ ही भाजपा के कई मंत्री भी दिल्ली में मौजूद हैं। सियासी गलियारों में सत्ता में मजबूत पकड़ रखने वाले इस पूरे घटनाक्रम को उत्तराखंड में आने वाले एक बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत बता रहे हैं।
सियासतदां लोगों का कहना है कि यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाला, विधानसभा में बैकडोर से भर्ती और अब भाजपा नेता के पुत्र द्वारा अंकिता भंडारी की हत्या से उत्तराखंड पूरे देश में चर्चाओं में है। जहां राज्य में विपक्ष के निशाने पर धामी सरकार है, वहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी कई बड़े नेताओं में उत्तराखंड की घटनाओं को लेकर सवाल उठाये हैं। जिससे भाजपा आलाकमान असहज है और 2024 में आने वाले लोकसभा चुनाव के लिये इसे अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा के दिग्गज नेताओं के जमावड़े के पीछे इन मुद्दों पर चर्चा होने के आसार हैं।
चर्चा तो यहां तक है कि धामी की आधी कैबिनेट को खाली कर के नये चेहरे लाये जा सकते हैं। उधर उत्तराखंड भाजपा संगठन इस सभी अटकलों को सिरे से नकार रहा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने धामी, भट्ट और ऋतु के दिल्ली दौरे को एक संयोग करार दिया है। पार्टी संगठन को उम्मीद है कि इस बार भी मुख्यमंत्री अपने दिल्ली दौरे से बड़ी सौगात लेकर आएंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पर्यटन विभाग का एक बड़ा प्रोग्राम दिल्ली में आयोजित किया गया है। राज्य के पर्यटन विभाग को एक सम्मान दिया जाना था और उसी कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए धामी दिल्ली गए हैं। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात के जरिए राज्य की जनता को कुछ बड़ी सौगात भी मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here