उत्तराखंड : टंगड़ी गांव वालों की दरियादिली को सलाम!

  • बदरीनाथ हाईवे पर फंसे सैकड़ों यात्रियों के लिये टंगड़ी के ग्रामीणों ने निशुल्क की रहने और खाने की व्यवस्था

जोशीमठ। टंगड़ी गांव के पास मलबा आने से बंद हुआ बदरीनाथ हाईवे आज बृहस्पतिवार को करीब 14 घंटे बाद बहाल हुआ। बुधवार देर शाम तक जब हाईवे नहीं खुला तो टंगड़ी गांव के ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने सैकड़ों यात्रियों के गांव में रहने की व्यवस्था की और उन्हें भोजन भी कराया। जिसके लिये यात्रियों ने गांव वालों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनकी यह आवभगत उन्हें हमेशा याद रहेगी।
गौरतलब है कि बुधवार शाम करीब चार बजे टंगड़ी गांव के पास मलबा आने से हाईवे बंद हो गया था। लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण हाईवे खोलने में एनएच को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साथ ही यहां सैकड़ों यात्री वाहन भी फंसे रहे। यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए टंगड़ी गांव के ग्राम प्रधान हीरा सिंह पंवार और दमयंती देवी के साथ ग्रामीण हाईवे पर गए और वहां फंसे यात्रियों को रात्रि विश्राम के लिए गांव ले गए।
ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव वालों ने मिलकर 130 यात्रियों को निशुल्क भोजन कराया और 50 यात्रियों को रहने की व्यवस्था मिलन केंद्र में की। इसमें गांव के लोगों ने पूरा सहयोग किया। आज बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे एनएच की जेसीबी ने हाईवे से मलबा हटाकर यातायात सुचारु कर दिया। इसके बाद हाईवे पर फंसे यात्रियों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली और वे ग्रामीणों का धन्यवाद करते हुए वहां से रवाना हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here