उत्तराखंड: मदरसे से भागे चार नाबालिग छात्र अंबाला रेलवे स्टेशन पर मिले, किया चौंकाने वाला खुलासा

0
1

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र से मदरसे में पढ़ने वाले चार नाबालिग छात्रों के अचानक लापता होने से मचे हड़कंप के बाद हरिद्वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक बीती 15 दिसंबर को पथरी थाना क्षेत्र स्थित अलावलपुर गांव के मदरसे में पढ़ने वाले चार छात्रों के लापता होने से हड़कंप मच गया था। पहले तो बच्चों के परिजनों और मदरसा प्रशासन द्वारा चारों की काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस से बच्चों को ढूंढने की गुहार लगाई गई। एक परिजन द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई कि उनका नाबालिग पुत्र (उम्र 15 वर्ष) अपने अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ घर से बिना बताए कहीं चला गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल द्वारा थाना पथरी पुलिस को तत्काल नाबालिग बच्चों की तलाश हेतु पुलिस टीमों का गठन कर रवाना किया गया। कई पुलिस टीमें बच्चों की तलाश में जुट गईं। गहन पूछताछ एवं जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि चारों नाबालिग एक साथ अलावलपुर स्थित मदरसे में अध्ययनरत थे। पढ़ाई में मन न लगने के कारण बिना बताए निकल गए हैं।

लापता हुए बच्चों में एक गुजरात का बच्चा भी शामिल था। बाकी अन्य तीन बच्चे हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में तीनों बच्चों की लोकेशन एथल रेलवे स्टेशन पर दिखाई दी। सीसीटीवी में दिखाई दिया कि चारों एथल रेलवे स्टेशन से ही ट्रेन में सवार होकर चले गए थे। थाना पथरी पुलिस द्वारा मैनुअल पुलिसिंग एवं CCTV कैमरों की सहायता से टीम अंबाला पहुंच गई। चारों नाबालिग बच्चों को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से सकुशल अपने कब्जे में ले लिया गया। चारों बच्चों को पथरी थाने लाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।

पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि लोकेशन के आधार पर उन्हें खोज लाना बड़ी चुनौती थी। लेकिन पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद ली और मैनुअली पूछताछ करते हुए बच्चों की लोकेशन खोज निकाली। चारों बच्चों का पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था, इसलिए चारों ने मदरसे से भागने की योजना बनाई थी। चारों बच्चों को सकुशल लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Enews24x7 Team

Comments are closed.