उत्तराखंड: बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या, फिर माँ से 3.20 लाख की ठगी

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के बहुचर्चित शांतरशाह सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। पुलिस को दी तहरीर में मृतका की मां ने सरकार की तरफ से मिली सहायता राशि में से आरोपियों को सजा दिलाने के नाम पर 3 लाख 20 हजार रूपए ठग लिए जाने का आरोप लगाया है। एसएसपी के निर्देश पर प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ पुलिस ने कथित भीम आर्मी नेता की तलाश शुरू कर दी है।
सामुहिक दुष्कर्म के बाद हुई थी नाबालिग की हत्या
गौरतलब है कि बीते वर्ष 24 जून को थाना बहादराबाद के शांतरशाह क्षेत्र में एक युवती का शव मिला था। पुलिस ने नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या मामले में नाबालिग के प्रेमी सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रकरण में पुलिस व प्रशासन के प्रयासों से सरकार द्वारा मृतका की मां को करीब 8 लाख रुपये का अनुदान मुआवजा दिया गया था। इस बात की भनक लगते ही कई लालची तत्वों की नजर पीड़ित परिवार को प्राप्त रकम पर थी।
3 लाख 20 हजार रुपए की ठगी
मृतका की मां ने थाना बहादराबाद पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि मुआवजे की राशि मिलने के बाद नीरज पुत्र स्व. दयावान निवासी बहादरपुर सैनी हरिद्वार ने मामले से जुड़े आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिलाकर 3 लाख 20 हजार रुपए ठग लिए। जब रुपये वापस मांगे तो आरोपी धमकी देने लगा। शिकायत पर पुलिस ने कथित आरोपी नेता के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।








