उत्तराखंड: जादू-टोने के शक में पूर्व सैन्यकर्मी ने छोटे भाई की पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला

चमोली। सेना से सेवानिवृत पूर्व सैन्य अधिकारी ने जादू-टोने करने के शक में अपने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। सेना से रिटायर्ड कैप्टन विनोद सिंह और उनके छोटे भाई मोहन सिंह का आपस में विवाद चल रहा था।

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी को शक था कि उसके छोटे भाई की पत्नी जादू टोना करती है। उसे लगता था कि महिला उस पर जादू-टोना करवा रही है। इसी शक के चलते उसने भाई की पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हरसारी गांव निवासी सेना से सेवानिवृत्त मोहन सिंह का उनके बड़े भाई कैप्टन विनोद सिंह (सेनि) से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते विनोद सिंह ने मोहन की पत्नी राधा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राधा को लहुलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष गैरसैंण जेएस नेगी ने बताया कि आरोपी का अपने भाई के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी को शक था कि राधा उस पर और उसके परिवार पर किसी तांत्रिक से जादू-टोना करवा रही है। इसी को लेकर आरोपी का राधा से विवाद हुआ और उसने राधा पर कुल्हाड़ी से हमलाकर दिया। आरोपी ने चेहरे, सिर और बाजू पर कुल्हाड़ी के कई वार किए थे। उसके कब्जे से कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here