टिहरी झील हादसा : चालक का शव बरामद, एक अभी लापता

टिहरी। बीते बुधवार को टिहरी झील में हुए वाहन हादसे में लापता दो लोगों में से चालक का शव आज शुक्रवार को भागीरथीपुरम-जीरोब्रिज मार्ग-3 से बरामद कर लिया गया है। जबकि अभिषेक रावत (25) पुत्र युद्धवीर सिंह निवासी ग्राम मौली का पता नहीं चल सका। उसकी तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार देहरादून से वाया टिहरी होते हुए रुद्रप्रयाग जा रही एक मैक्स बुधवार तड़के करीब तीन बजे टिहरी बांध की झील में समा गई थी। दुर्घटना का पता चलने के बाद गुरुवार सुबह शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान एक युवती और एक युवक के शव बरामद किए गए थे। झील में डूबे वाहन को कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन से बाहर निकाला गया। उल्लेखनीय है कि ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे निर्माणाधीन होने के कारण एक माह से ट्रैफिक वाया टिहरी से संचालित किया जा रहा है। मंगलवार की रात 10 बजे देहरादून मयूर विहार से वाया टिहरी होते हुए रुद्रप्रयाग जा रही मैक्स जीरोब्रिज के पास टिहरी झील में समा गई थी।
वाहन दुर्घटना का पता तब चला जब ऊखीमठ मोली निवासी एक रिश्तेदार भारतपाल सिंह रावत ने 30 सितंबर को रायपुर थाने (देहरादून) में दी तहरीर में बताया कि 29 सितंबर को रात 10 बजे रुद्रप्रयाग के लिए निकला वाहन ऊखीमठ नहीं पहुंचा है और वाहन में सवार सभी लोगों के मोबाइल बंद हैं। रेडियो संदेश मिलते ही टिहरी पुलिस ने सर्च अभियान चलाया तो भागीरथीपुरम-जीरोब्रिज मार्ग पर एक जगह पर पैराफिट टूटा मिला। खाई में बैग दिखने पर वाहन झील में डूबने की आशंका होते ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन रात को अंधेरा होने के कारण कुछ पता नहीं चल पाया।
गुरुवार सुबह सात बजे फिर से एसडीआरएफ, जल पुलिस और टीएचडीसी के गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुबह साढ़े दस बजे झील किनारे दीक्षा रावत (23) पुत्री युद्धवीर सिंह रावत और शाम साढ़े चार बजे आशीष रावत (22) पुत्र कुंवर सिंह दोनों निवासी ग्राम मौली ऊखीमठ का शव बरामद किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here