उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, बारातियों से भरी मैक्स खाई में गिरी, 14 की मौत

चम्पावत। चंपावत जनपद में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बीते देर रात एक मैक्स वाहन खाई में गिर गया। बताया जा रहा है कि ये हादसा सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर हुआ। जिसमें 14 बरातियों की मौत हो गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घायलों में चालक की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। बताया जा रहा है कि मैक्स वाहन संख्या यूके 04 टीए 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। रात 3 बजकर 20 मिनट के आसपास मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। माना यह जा रहा है कि मैक्स में क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना हुई है। सूखीढांग-डांडा-मीनार सड़क पर हुई दुर्घटना के 14 मृतको में लक्ष्मण सिंह 61 पुत्र ध्यान सिंह, केदार सिंह 62 पुत्र दान सिंह, ईश्वर सिंह 40 पुत्र फतेह सिंह, उमेद सिंह 48 पुत्र गणेश सिंह, हयात सिंह 37 पुत्र दिवान सिंह, पुष्पा देवी 50 पत्नी शेर सिंह (सभी ककनई गांव) पुनी देवी 55 पत्नी नारायण सिंह, भगवती देवी 45 पत्नी होशियार सिंह (दोनों हल्द्वानी), बसंती देवी 35 (चंपावत), श्याम लाल 50 पुत्र दनी राम और विजय लाल 48 पुत्र ईश्वरी राम (दोनों डांडा)। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here