उत्तराखंड में अनलॉक 5.0 : आज से यूपी, दिल्ली और कुमाऊं के लिए शुरू हुई रोडवेज बस सेवा

  • लोकल मार्गों पर यात्रियों की उपलब्धता के अनुरूप सुबह और शाम के समय बस सेवा बढ़ाने की तैयारी

देहरादून । आज बुधवार से रोडवेज बसों का दूसरे राज्यों के लिए संचालन शुरू हो गया है। हरिद्वार डिपो से प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश से होते हुए दिल्ली के लिए सात बसें भेजी गई हैं। कुमाऊं मंडल के लिए तीन बसें भेजी गई हैं। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ी तो अन्य स्थानों के लिए बस चलेगी। किराया लॉकडाउन से पूर्व की भांति ही लिया जा रहा है।
गौरतलब है कि 22 मार्च से ही प्रदेश में बसों का संचालन बंद हो गया था। तीन महीने पहले प्रदेश के अंदर रोडवेज की बसों का संचालन शुरू किया गया था। बसें राज्य की सीमा तक ही आधी सवारी लेकर चल रही थी। यात्रियों से किराया भी ज्यादा वसूला जा रहा था। शुरूआत में तो बस खाली ही चलती रही। पिछले एक महीने से बसों में औसतन यात्री यात्रा करने लगे थे। अब अन्य राज्यों के लिए बसों का संचालन बुुधवार से शुरू हो गया है। हरिद्वार डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि दिल्ली के लिए सात बसें चल रही हैं। ये उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेंगी। बस में यात्री किसी भी शहर के लिए बैठ सकेंगे, लेकिन बसें स्टॉपेज पर ही रुकेगी। यात्रियों के पंजीकरण आदि के लिए व्यवस्था की तैयारी हो चुकी है। 
आज बुधवार से देहरादून आईएसबीटी से अंतर्राज्यीय बसों का संचालन शुरू हो रहा है। प्रथम चरण में देहरादून से दिल्ली के लिए गाजियाबाद के कौशांबी तक 22 बसें तैयार कर ली गई हैं। सुबह 5.30 बजे से बसों का संचालन शुरू हो गया। यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसों को भेजने का समय तय किया गया है। वहीं, कोरोना से बचाव को तमाम व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। आईएसबीटी स्टेशन प्रभारी अजीत सिंह ने कहा कि बसों का समय और किराया पूर्व की भांति रहेगा। टिकट मशीनों में पुरानी दरें सेट करा दी गई हैं।देहरादून से हल्द्वानी का सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आज बुधवार से देहरादून आईएसबीटी से हल्द्वानी के लिए दो बसों का संचालन हो गया है। ये बसें सुबह 9 बजे व रात 9 बजे रवाना होंगी। प्रबंधन के अनुसार यात्रियों की संख्या बढ़ने पर टनकपुर के लिए भी बस का संचालन किया जाएगा।
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने समस्त डिपो सहायक महाप्रबंधक को निर्देश जारी कर कहा है कि लोकल मार्गों पर यात्रियों की उपलब्धता के अनुरूप सुबह और शाम के समय बस सेवा को बढ़ाया जाए। उन्होंने माना कि देहरादून-ऋषिकेश एवं देहरादून-हरिद्वार आदि अन्य लोकल मार्गों पर शाम को चार बजे के बाद यात्री उपलब्ध होने के बाद भी संबंधित डिपो की ओर से बसें नहीं बढ़ाई जा रही है। इस कारण अनधिकृत वाहनों को बढ़ावा मिलने से निगम को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अब बसों में तय की गई क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाया जा सकता है। जिन अंतर जनपदीय मार्गों एवं लोकल मार्गों से संबंधित बस सेवाओं को अभी तक शुरू नहीं किया गया है। उन सेवाओं को यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार शुरू किया जाएगा। डिपो की बसों की समय सारणी इस तरह से तय की जाए ताकि मार्ग पर यात्रियों को सुबह और शाम निगम की परिवहन सेवा मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here