चार घंटे तक खाई में तड़पते रहे लोग!

पहाड़ की पीड़ा

  • देवाल के दूरस्थ क्षेत्र बलाण में दर्दनाक हादसे में 10 की मौत, 30 किमी दूर जाकर ग्रामीणों ने दी हादसे की सूचना
  • देवाल से आगे घेस घाटी में आज भी संचार की कोई सुविधा न होने से प्रशासन तक खबर पहुंचाने में लगे दो घंटे
  • बचाव कार्यों में देरी के कारण जिन घायलों की बचने की उम्मीद भी थी, उन्होंने भी मौके पर तोड़ा दम  
  • सड़क में गहरे गड्ढे और मलबा होने के चलते 20 किमी की स्पीड से अधिक पर नहीं चल पाते वाहन

थराली। बीते रविवार को बलाण से 15 लोग एक मैक्स में सवार होकर किसी की अंत्येष्टि में शामिल होने देवाल जा रहे थे। बलाण से कुछ दूर आगे पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे वानड़ा के पास मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जिसमें गंभीर रूप से घायल हुए लोग करीब चार घंटे तक मौके पर ही तड़पते रहे। जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। विडंबना यह रही कि देवाल के दूरस्थ क्षेत्र बलाण में हुई इस सड़क दुर्घटना की खबर देवाल से आगे घेस घाटी में आज भी संचार की कोई सुविधा न होने से प्रशासन तक पहुंचाने में दो घंटे लग गए। ऐसे में जिन घायलों की बचने की उम्मीद भी थी, देरी के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि यहां से कोई भी सूचना देने के लिए 30 किमी दूर सवाड़ के नजदीक आकर ही कनेक्टिविटी मिल पाती है। रविवार को हुई दुर्घटना की सूचना देने के लिए ग्रामीणों को दुर्घटनास्थल से 30 किमी दूर सवाड़ आना पड़ा। तब जाकर प्रशासन व 108 से संपर्क हो पाया। दुर्घटना का कारण जहां वाहन असंतुलन होना बताया जा रहा है वहीं कुछ घायलों का कहना है कि सड़क की स्थिति भी बदहाल है और सड़क में गहरे गड्ढे और मलबा होने के चलते वाहन असंतुलित हो जाते हैं। सड़कों की बदहाल स्थिति के चलते यहां पर वाहन 20 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से नहीं चल सकते। इस कारण भी प्रशासन की टीम को दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में देर हो गई।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक हादसे में करीब 10 लोगों की मौत हो गई जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हैं। जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। यदि बलाण गांव के आसपास संचार की सुविधा होती तो तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर अस्पताल ले जाया जा सकता था, लेकिन नेटवर्क की सुविधा न होने से राहत एवं बचाव कार्य में काफी देरी हुई। एक घायल ने तो अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बीते रविवार को जनपद चमोली के तहसील थराली के अंतर्गत देवाल के समीप हुई वाहन दुर्घटना पर दुख जताते हुए हादसे में मृतक परिजन को 2-2 लाख रुपये व गम्भीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दिए जाने के निर्देश दिये हैं। 
थराली के थानाध्यक्ष सुभाष जखमोला ने बताया कि मृतकों में जसबीर सिंह (32) पुत्र नारायण सिंह, कैलाश सिंह (40) पुत्र गोविंद सिंह, मदन सिंह (60) पुत्र केदार सिंह, दरबान सिंह (48) पुत्र राम सिंह, सुरेंद्र सिंह (30) पुत्र बलवंत सिंह, धर्म सिंह (55) पुत्र पार सिंह, गोपाल सिंह (35) पुत्र खिलाफ सिंह, मदन सिंह (38) पुत्र पदम सिंह सभी निवासी बलाण गांव शामिल हैं। इनके अलावा जय सिंह दानू (48) पुत्र पुष्कर सिंह निवासी बलाण लापता बताए जा रहे हैं। वहीं एक और व्यक्ति की मौत की आशंका है।
घायलों के नाम मोहन सिंह (39) पुत्र भजन सिंह, हिम्मत सिंह (60) पुत्र हयात सिंह, आलम सिंह (40) पुत्र हयात राम, महावीर सिंह (53) पुत्र बचन सिंह, गोपाल सिंह (35) पुत्र गोविंद सिंह निवासी बलाण बताये गये हैं। बताया जा रहा है कि महावीर सिंह ही मैक्स चला रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here