1962 के युद्ध में अकेले चीनी सेना के 300 सैनिकों को किया था ढेर…

0
2

पौड़ी/गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले से ताल्लुक रखने वाले जसवंत सिंह रावत ने 1962 के भारत-चीन युद्ध में अकेले 300 चीनी सैनिकों को मार गिराया था, उन्होंने 72 घंटे तक चीनी सैनिकों का सामना किया और अपनी वीरता से भारतीय सेना के लिए एक मिसाल कायम की।

तीन में दिनों तीन सौ सैनिकों को किया ढेर

जसवंत सिंह रावत, गढ़वाल राइफल्स के एक जवान थे, जिन्होंने 1962 के युद्ध में अरुणाचल प्रदेश के नूरंग पोस्ट पर चीनी सेना का मुकाबला किया था। चीनी सैनिकों ने जब नूरंग पोस्ट पर हमला किया, तो जसवंत सिंह रावत ने अकेले ही उनका सामना किया, और दो स्थानीय लड़कियों सेला और नूरा की मदद से, उन्होंने चीनी सैनिकों को यह भ्रम दिया कि भारतीय सेना अभी भी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने मशीन गन से लगातार फायरिंग करके चीनी सैनिकों को भ्रमित किया, और 72 घंटे तक अकेले ही युद्ध लड़ा। इस दौरान, उन्होंने 300 से अधिक चीनी सैनिकों को मार गिराया।

पौड़ी-गढ़वाल जिलें में जन्म

19 अगस्त, 1941 को उत्तराखंड के पौड़ी-गढ़वाल जिले के बादयूं में जसवंत सिंह रावत का जन्म हुआ था। उनके अंदर देशप्रेम इस कदर था कि 17 साल की उम्र में ही सेना में भर्ती होने चले गए। लेकिन कम उम्र के चलते उन्हें नहीं लिया गया। हालांकि, 19 अगस्त 1960 को जसवंत को सेना में बतौर राइफल मैन शामिल कर लिया गया। 14 सितंबर, 1961 को उनकी ट्रेनिंग पूरी हुई। इसके एक साल बाद ही यानी 17 नवंबर, 1962 को चीन की सेना ने अरुणाचल प्रदेश पर कब्जा करने के उद्देश्य से हमला कर दिया।

सरहदों की रक्षा करती है जसवंत सिंह की आत्मा!

बताया जाता है कि नेफा और पौड़ी गढ़वाल के लोग जसवंत सिंह रावत की देवता के रूप में पूजा करते हैं। ‘मेजर साहब’ के नाम से उन्हें जाना जाता है। महावीर चक्र विजेता सूबेदार जसवंत सिंह रावत के सम्मान में जसवंत गढ़ भी बनाया गया है। माना जाता है कि उनकी आत्मा आज भी देश की पहरेदारी करती है। जब इस चेक पोस्ट पर किसी सैनिक की ड्यूटी लगती है और उसकी झपकी लग जाती है, तो उनकी आत्मा उसे थप्पड़ मारकर चौकन्ना करती है। जिन कमरों में वह रहते थे, उनमें उनके कपड़ों को प्रेस कर और जूतों को पॉलिश करके रखा जाता है।

मृत्यु के बाद भी मिलता रहा प्रमोशन

राइफलमैन जसवंत सिंह रावत को 1962 के युद्ध के दौरान उनकी वीरता के लिए मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। जसवंत सिंह रावत भारतीय सेना के अकेले सैनिक हैं, जिन्हें मौत के बाद प्रमोशन मिला था। पहले नायक फिर कैप्टन और उसके बाद मेजर जनरल बने। इस दौरान उनके घरवालों को पूरी सैलरी भी पहुंचाई गई।

Enews24x7 Team

Comments are closed.