उत्तराखंड पहुंचा मानसून, इन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून।उत्तराखंड में मानसून दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जनपदों के अधिकांश स्थानों में और शेष जनपदों के अनेक स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राज्य के नैनीताल, चंपावत, टिहरी और देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गरज व चमक के साथ तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है। वहीं तेज झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
राजधानी देहरादून में आज आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश गरज-चमक के साथ एक या दो दौर होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तीव्र बारिश हो सकती है, कुछ क्षेत्रों में गरज व चमक के साथ झोंके दार हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 33°C व 24°C के लगभग रहने की संभावना है। बता दें कि प्रदेश में बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिससे तापमान में गिरावट आ गई है।
बता दें उत्तराखंड में मानसून दो दिन पहले ही दस्तक दे चुका है। हरिद्वार जिले में कुछ जगहों को छोड़कर मानसून अपने सामान्य समय पर पहुंच गया है। मानसून की एंट्री के बाद से ही प्रदेश भर में हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले कुछ दिनों में बारिश का क्रम कहीं-कहीं तेज होगा।








