दुकानदार को काटते ही कुत्ते की मौत, पानीपत में हैरान करने वाला मामला

पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के एक बाजार में दुकानदार को काटने पर कुत्ते की मौत होने का मामला सामने आया है। जिसे देख दुकानदार के साथ-साथ बाजार के सभी लोग हैरानी में पड़ गए है कि आखिरकार कुत्ते की मौत कैसे हो गई। वहीं घायल दुकानदार जन सेवा दल के पदाधिकारी के साथ अपना इलाज और जांच करवाने के लिए शहर के सिविल अस्पताल में पहुंचा।
पीड़ित दुकानदार ललित बजाज ने बताया कि उसकी महावीर बाजार में प्रेम मंदिर के पास किराना होलसेल की दुकान है। वो अपनी दुकान के बाहर बाइक पर जा रहा था कि उसने देखा कि दो कुत्ते आपस में लड़ रहे थे। उसने उन्हें हटाने की कोशिश की लेकिन तभी उनमें से एक कुत्ते ने उसे मौके पर काट लिया और कुछ ही समय के बाद अचानक उस कुत्ते की मौत हो गई।
डॉक्टरों ने दिया इंजेक्शन:ललित बजाज ने कहा कि अब कुत्ते की मौत कैसे हुई, इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। ललित ने कहा कि उसे भी आसपास के दुकानदारों ने जानकारी देते हुए बताया कि उसे काटने के बाद कुत्ते की हालत खराब हो गई और उसकी वहीं मौत हो गई। इसके बाद हैरान ललित बजाज अपना इलाज करवाने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसका इलाज करते हुए इंजेक्शन दिया है।
लोगों को हो रही परेशानी:ललित बजाज ने बताया कि शहर की गलियों में आवारा कुत्तों की जनसंख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, इसलिए आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान किया जाए। निगम की ओर से आवारा कुत्तों की नसबंदी का अभियान शुरू किया गया था, वो अभियान भी जनता को धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। कुत्तों के काटने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि कुत्ते की मौत की असल वजह क्या है। ये अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पूरे मामले की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा की दुकानदार को काटने के बाद कुत्ते की मौत कैसे हो गई। हालांकि सभी के लिए फिलहाल ये हैरानी का विषय बना हुआ है।








