उत्तराखंड : खाई में गिरी गाड़ी, 13 लोगों की मौत और 3 गंभीर

देहरादून। चकराता में आज रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। चकराता के सुदूरवर्ती इलाके त्यूनी रोड पर सुबह करीब दस बजे एक वाहन गहरी खाई में गिर गया। जिसमें 13 लोगों की मौत की खबर आ रही है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुट गया है।बताया जा रहा है कि चकराता के भरम खत के बायला गांव से विकासनगर जा रही यूटिलिटी आज रविवार सुबह बायला-पिंगुवा मार्ग पर गांव से आगे अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के मुताबिक यूटिलिटी में 16 लोग सवार थे। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। सभी 13 मृतकों के शव खाई से बरामद कर लिए गए हैं। उधर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता क्षेत्र के अंतर्गत बुल्हाड़-बायला मार्ग पर हुए वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।हादसे की सूचना पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। स्थानीय लोग भी राहत-बचाव कार्य में लगे हैं। सूचना पाकर देहरादून से एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड के राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए थे। एसपी ग्रामीण स्वतंत्र कुमार सिंह ने यह जानकारी दी है। एसडीएम चकराता सौरभ असवाल ने बताया घटनास्थल के लिए चकराता और त्यूनी तहसील से राजस्व टीम मौके पर पहुंची है। डीएम डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि देहरादून से डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची है। डॉक्टरों द्वारा मौके पर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मृतकों और घायलों को आर्थिक सहायता देने के लिए शासन से संस्तुति की गई है। सभी मृतक एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं सड़क हादसे की सूचना के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here