• भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भसीन ने कहा, कोरोना काल में ये आयोजन जनता के जीवन से खिलवाड़
  • इस लड़ाई में कोई सहयोग करने के स्थान केंद्र व प्रदेश सरकार के प्रयासों  को बाधित कर रही है कांग्रेस

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि  कि कोरोना काल में कांग्रेस के प्रदर्शन प्रदेश में समस्याओं को बढ़ाने का षड्यंत्र है जिससे भाजपा सरकार को बदनाम किया जा सके। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के बयान कि सरकार विश्वास खो चुकी है पर कहा कि उन्हें अपनी बिखर रही कांग्रेस पार्टी को बचाने पर ध्यान देना चाहिए। भाजपा सरकार व संगठन दोनों बहुत मज़बूत हैं।
आज मंगलवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन ने एक बयान में कांग्रेस नेताओं द्वारा कोरोना काल में कभी धरना कभी जुलूस और कभी सड़क जाम और कभी पुतले फूंकने की निंदा करते हुए कहा कि जब देश  और प्रदेश कोरोना महामारी से जूझ रहे हैं, कांग्रेस इस लड़ाई में कोई सहयोग करने के स्थान केंद्र व प्रदेश सरकार के प्रयासों  को बाधित कर रही है। साथ ही कांग्रेस प्रदेश में समस्याएं पैदा करने की कोशिश में हैं जिससे सरकार  को बदनाम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस ने जनसेवा का न कोई कार्य किया और न कर रही है। इसके विपरीत कांग्रेस का हर कार्यक्रम कोरोना को बढ़ाने वाला है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश सरकार के ख़िलाफ़ आधारहीन आरोप लगा कर भ्रम फैलाने का जो प्रयास कर रही है उस बारे में यदि उसमें नैतिकता है तो वह अपने शासन काल के कार्यों और वर्तमान में भाजपा सरकार के कार्यों को सामने रखकर बहस करने की हिम्मत जुटाये। केवल झूठ पर झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने की उसकी रणनीति अब कामयाब नहीं हो सकती। क्योंकि जनता को कांग्रेस का कुशासन व भ्रष्टाचार याद है।
उन्होंने कहा कि जनता केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व व उत्तराखंड में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत नेतृत्व में किए जा रहे जन हित के कार्यों व विकास योजनाओं  को देख भी रही है और उनसे लाभान्वित भी  हो रही हैं। डॉ. भसीन ने नेता प्रतिपक्ष के बयान को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि उन्हें व कांग्रेस नेताओं को अपनी बिखर रही पार्टी पर ध्यान देना चाहिए। प्रदेश सरकार व भाजपा संगठन पूरी तरह मज़बूत हैं। अगले चुनाव में तो कांग्रेस विधायकों की संख्या दहाई के अंक तक पहुँचने वाली नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here