देहरादून में गरजे शाह : कहा- पहले कहीं न दिखती कांग्रेस, पर चुनाव आते ही नए कपड़े सिलवा लेते हैं कांग्रेसी

  • गृह मंत्री ने उत्तराखंड सरकार की घसियारी कल्याण योजना का किया शुभारंभ

देहरादून। आज शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देहरादून में एक रैली को संबोधित किया। यहां शाह ने राज्य सरकार की घसियारी कल्याण योजना का भी शुभारंभ किया। गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की 670 बहुद्देश्यीय सहकारी समितियों के कंप्यूटराइजेशन का उद्घाटन किया। 
शाह ने कहा कि देवभूमि में पहाड़ की चोटियों पर विपरीत परिस्थितियों में बहनों और माताओं को जानवरों के लिए चारा लाना होता है। घसियारी योजना से इन बहनों और माताओं की समस्या हल हो जाएगी।
उन्होंने देवभूमि की जनता के अभिवादन के साथ अपना संबोधन शुरू किया। शाह ने कहा कि मैं अस्वस्थ होने के बाद भी देवभूमि की जनता को नमन करने आया हूं। अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड को बनाया है।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कांग्रेस वादाखिलाफी करने वाली पार्टी है। चुनाव आते ही कांग्रेसी नए कपड़े सिलवा लेते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार, घपले, घोटाले का पर्याय बनी हुई है। कांग्रेस किसी भी राज्य में कल्याण का कार्य नहीं कर सकती। न वो गरीबों का सोच सकती है और न अच्छे प्रशासन का सोच सकती है। गरीब कल्याण और अच्छा प्रशासन मोदी के नेतृत्व में केवल और केवल भाजपा सरकार दे सकती है।
गृह मंत्री ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस पार्टी देवभूमि का विकास नहीं कर सकती है। उत्तराखंड में विकास की बयार तभी आई, जब जनता ने पूर्ण बहुमत की भाजपा की सरकार बनाई। कोरोना से बचाव के लिए टीके की पहली डोज का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा करने वाले राज्यों में से एक उत्तराखंड है।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 नवंबर को केदारनाथ धाम जाएंगे। वह वहां आदि शंकराचार्य की मूर्ति का उद्घाटन करेंगे। कहा कि हम साफ नीयत से काम कर रहे हैं। हमने 85 हजार करोड़ के काम गिना दिए हैं। जिन पर कार्य चल रहा है। अगले पांच साल में ये कार्य पूरे हो जाएंगे। लेकिन कांग्रेस केवल प्रदर्शन करती है या फिर दिल्ली में राहुल गांधी की शरण में जाती है। 
उन्होंने कहा कि संकट में कांग्रेस पार्टी कहां होती है। राज्य में आई बाढ़ और कोरोना संक्रमण के दौरान वह नहीं दिखी। कांग्रेस चुनाव में ही दिखती है। पार्टी के नेता नए कपड़े सिलवा रहे हैं। 2017 के चुनाव के दौरान की गई घोषणाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में शराब घोटाला हुआ था। कांग्रेस वादाखिलाफी करने वाली पार्टी है। कांग्रेस विलासिता भोगने वाली पार्टी है। इनका लोकतंत्र से कोई संबंध नहीं है। कांग्रेस केवल तुष्टिकरण करती है। कांग्रेस ने किसानों की अनदेखी की। किसानों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी उत्तराखंड को संवारने में जुटे हैं। उत्तराखंड में फिर भाजपा की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री धामी भी काफी मेहनत कर रहे हैं। उत्तराखंड विकास की राह पर चल रहा है। उत्तराखंड ने पिछले चार वर्षों में समग्र विकास देखा है। भाजपा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गौरतलब है कि घसियारी योजना पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की योजना है जो उनके अप्रत्याशित रूप से सीएम पद छोड़ने के कारण उनके कार्यकाल में फलीभूत नहीं हो पाई थी।  

https://www.facebook.com/enews24x7.in/videos/659192598410008/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here