अब चीन को टक्कर देंगे भारत के ‘रोमियो’!

हम किसी से कम नहीं

  • दुनिया के सबसे अत्याधुनिक समुद्री हेलीकॉप्टर हैं मल्टीयूज एमएच 60 ‘रोमियो’ सी हॉक हेलीकॉप्टर
  • भारतीय नौसेना में इन 24 सी हॉक हेलीकॉप्टरों के शामिल होने से बढ़ेगी भारत की समुद्री ताकत
  • पनडुब्बियों और पोतों पर अचूक निशाना साधने में भी ये हेलीकॉप्टर सक्षम और अन्य कार्यों में भी उपयोगी 

अब हिंद महासागर में भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ जाने से भारत चीन को टक्कर दे सकेगा। अमेरिका ने 2.6 अरब डॉलर की कीमत पर भारत को 24 मल्टीयूज एमएच 60 ‘रोमियो’ सी हॉक हेलीकॉप्टर की बिक्री को हरी झंडी दिखा दी है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस अहम सौदे के बारे में जानकारी दी। गौरतलब है कि हिंद महासागर में चीन की मौजूदगी बढ़ाने के बीच ये हेलीकॉप्टर सतह और पनडुब्बीभेदी अभियानों में भारतीय नौसेना को मजबूत करेंगे। लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित ये हेलीकॉप्टर पनडुब्बियों और पोतों पर अचूक निशाना साधने में सक्षम हैं और समुद्र में तलाश और बचाव कार्यों में भी उपयोगी हैं। सी हॉक हेलीकॉप्टर पुराने हो चुके ब्रिटेन निर्मित सी किंग हेलीकॉप्टरों की जगह लेंगे। ट्रम्प सरकार ने अमेरिकी संसद को सूचित किया कि उसने 24 एमएच-60 आर बहु उपयोगी हेलीकॉप्टरों की बिक्री को मंजूरी दे दी है। ये हेलीकॉप्टर फ्रिगेट, विध्वंसक पोतों, क्रूजर और विमान वाहक पोतों से भी कंट्रोल किए जा सकते हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस प्रस्तावित बिक्री की मदद से भारत और अमेरिका के सामरिक संबंध मजबूत होंगे। जिससे अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी। इन हेलीकॉप्टरों की अनुमानित कीमत 2.6 अरब डॉलर होगी। इससे भारतीय नौसेना की बढ़ी क्षमता से क्षेत्रीय खतरों से निपटने में मदद मिलेगी। साथ ही इस प्रस्तावित बिक्री और सहयोग से क्षेत्र में मूल सैन्य संतुलन नहीं बिगड़ेगा। गौरतलब है कि इन हेलीकॉप्टरों को दुनिया के सबसे अत्याधुनिक समुद्री हेलीकॉप्टर माना जाता है। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार हिंद महासागर में चीन के आक्रामक व्यवहार के मद्देनजर भारत के लिए ये हेलीकॉप्टर आवश्यक हैं। ये हेलीकॉप्टर इस समय अमेरिकी नौसेना में तैनात हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह आधुनिक समय में उपलब्ध सबसे सक्षम नौसैन्य हेलीकॉप्टर है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here