देशभर में आसमान से बरस रही आग!

मौसम की मार

  • यूपी में में गुरुवार देर शाम आई आंधी-बारिश के चलते हादसों व बिजली गिरने से 18 लोगों की मौत
  • राजस्थान के चूरू में चढ़ते पारे से बढ़ रहे मरीजों के मामलों के कारण डॉक्टरों की छुट्टी रद्द  

नई दिल्ली। बृहस्पतिवार देर शाम आई आंधी-बारिश के चलते हादसों व बिजली गिरने से यूपी में 18 लोगों की मौत हो गई। इनमें मैनपुरी के 6, एटा व कासगंज के 3-3 और  मुरादाबाद, महोबा, हमीरपुर, फर्रुखाबाद, बदायूं व फर्रुखाबाद के 1-1 लोग शामिल हैं। दिन भर की कड़ी धूप के बाद गुरुवार शाम लगभग सात बजे मौसम का मिजाज बदल गया और आंधी—बारिश का दौर शुरू हो गया। 
फिरोजाबाद, जालौन सहित कई क्षेत्रों में आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिर जाने से बिजली गुल हो गई। आंधी-बारिश के चलते हादसों में 50 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है। उधर राजस्थान के चूरू में चढ़ते पारे से बढ़ रहे मरीजों के मामलों के कारण डॉक्टरों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। मौसम विभाग ने मानसून के देरी से केरल पहुंचने की संभावना जताते हुए कहा कि मानसून अब 6 जून की जगह 7 जून तक केरल में दस्तक देगा।
राजधानी दिल्ली में गर्मी ने बीते साल जून का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वर्ष 2018 में एक जून को सर्वाधिक तापमान 43.1 डिग्री दर्ज हुआ था, जबकि बृहस्पतिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 43.9 डिग्री जा पहुंचा। हालांकि, देर शाम तेज आंधी ने थोड़ी राहत दी। कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई, इससे रात होते-होते हवा में ठंडक महसूस की गई।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री व न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को तापमान 44 डिग्री पहुंचने का अनुमान जताया है। नौ जून तक तापमान लगभग इतना ही रहने की संभावना है। गौरतलब है कि 10 जून से हिमालय क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इससे 10 जून के बाद हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि गर्मी से फिलहाल राहत के संकेत नहीं है।
गुरुवार को भी देशभर में जहां एक ओर लू का कहर जारी रहा तो हिमाचल प्रदेश में हल्की बौछारों से लोगों को राहत मिली। इससे राज्य के तापमान में 3 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उधर, राजस्थान में गर्मी लगातार सितम ढहा रही है। बृहस्पतिवार को कोटा सबसे ज्यादा गर्म रहा है, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं चुरू में अधिकतम पारा 46.5 डिग्री, बाड़मेर में 45.3 डिग्री, बीकानेर में 45.2 डिग्री और जयपुर में 45 डिग्री रहा। पंजाब और हरियाणा में भी कई इलाके  तेज गर्मी की चपेट में रहे। झांसी में सूरज के तेवर सर्वाधिक तीखे रहे। वहां अधिकतम पारा 47.4 डिग्री, बांदा और आगरा में 46.2 डिग्री रहा। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री जा पहुंचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here