उत्तराखंड के इन जिलों में आज भीषण बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी..

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। जिसने लोगों की परेशानियों में इजाफा कर दिया है। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय जनपदों के अनेक स्थानों और मैदानी जनपदों के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गरज व चमक के साथ होने की पूर्वानुमान जताया है। राज्य के नैनीताल और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज व चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को भारी बारिश को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। वहीं देहरादून में आज आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश गरज व चमक के साथ कुछ स्थानों पर हो सकती है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान 32°C से 23°C के लगभग रहने की संभावना है।
राज्य में संभावित भारी बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रदेश में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मानसूनी बारिश लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। लगातार हो रही बारिश से कई संपर्क मार्ग मलबा और बोल्डर गिरने से बाधित हो रहे हैं। जिस कारण तमाम मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग रही हैं और लोग मार्ग खुलने के बाद ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। भारी बारिश से नदी-नाले भी उफान पर बह रहे हैं। वहीं मानसून में मौसमी बीमारियां भी सिर उठाने लगी हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।








